गोपालगंज में मुस्लिम महिला पांच वर्षों से कर रहीं छठ व्रत, बेटे की मन्नत पूरी होने पर शुरू की थी पूजा; पेश की सामाजिक सौहार्द की मिसाल
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के थावे प्रखंड अंतर्गत विशम्भरपुर गांव में आस्था, विश्वास और सामाजिक सौहार्द की अनूठी तस्वीर सामने आई है। यहां मुस्लिम समुदाय की महिला नजमा खातून पिछले पांच वर्षों से पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ कर रही हैं। छठ महापर्व की कठिन परंपराओं और नियमों का पालन करते हुए उनकी यह आस्था इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बेटे की सलामती के लिए मांगी थी मन्नत
नजमा खातून ने बताया कि उनका बेटा दिव्यांग है। बेटे का पैर ठीक होने की कामना को लेकर उन्होंने भगवान सूर्य और छठी मइया से मन्नत मांगी थी। बेटे का पैर ठीक होने के बाद उन्होंने अपनी मन्नत पूरी करने के लिए छठ व्रत करना शुरू किया।
इसके बाद से वह लगातार पांच वर्षों से छठ महापर्व पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ करती आ रही हैं। हर साल वह छठ के कठिन नियमों और परंपराओं का पालन करती हैं।
आस्था के साथ दे रहीं आपसी भाईचारे का संदेश
नजमा खातून की यह पहल धार्मिक सीमाओं से ऊपर उठकर आपसी प्रेम, विश्वास, इंसानियत और सामाजिक सौहार्द का संदेश दे रही है। गांव के लोग भी उनकी श्रद्धा और भक्ति की सराहना कर रहे हैं।
विशम्भरपुर गांव की यह तस्वीर गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता की खूबसूरत मिसाल पेश कर रही है। नजमा खातून की आस्था यह संदेश देती है कि प्रेम, विश्वास और इंसानियत के रिश्ते धर्म की सीमाओं से परे होते हैं।
Kosi Live की रिपोर्ट