घैलाढ़ (मधेपुरा) पप्पू मेहता। घैलाढ़ प्रखंड के श्रीनगर पंचायत अंतर्गत कमलपुर मेहता टोला स्थित दुर्गा पोखर छठ घाट पर गंदगी का अंबार लगा हुआ था। छठ महापर्व के खरना के दिन तक घाट की सफाई नहीं होने से स्थानीय ग्रामीणों और छठ व्रतियों में नाराजगी थी। ग्रामीणों को आशंका थी कि इस बार श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच ही भगवान भास्कर को अर्घ्य देना पड़ेगा।
इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने पहले भी प्रखंड प्रशासन को जानकारी दी थी, लेकिन सफाई की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो रही थी। इसके बाद स्थानीय पत्रकार राजेश कुमार पप्पू जी ने सोशल मीडिया के माध्यम से छठ घाट की बदहाल स्थिति को उजागर किया और प्रखंड विकास पदाधिकारी अविनाश कुमार को गंदगी की तस्वीरें भी भेजीं।
सोशल मीडिया पर खबर आते ही प्रशासन ने लिया संज्ञान
सोशल मीडिया पर छठ घाट की गंदगी की तस्वीर सामने आने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी अविनाश कुमार और श्रीनगर पंचायत की मुखिया गौरी देवी ने मामले को गंभीरता से लिया। दोनों ने तत्काल पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक पिंटू कुमार को कमलपुर स्थित दुर्गा पोखर छठ घाट की जल्द से जल्द सफाई कराने का निर्देश दिया।
शाम होते-होते चमक उठा छठ घाट
अधिकारियों के निर्देश के बाद स्वच्छता पर्यवेक्षक पिंटू कुमार ने सफाई कर्मियों के साथ तत्काल कार्रवाई की। शनिवार की शाम छठ घाट की सफाई करा दी गई। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों ने जताया आभार
बताया जाता है कि तत्कालीन जिलाधिकारी और तत्कालीन मुखिया आशा देवी के कार्यकाल में इस छठ घाट का निर्माण कराया गया था। तब से प्रत्येक वर्ष यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण छठ महापर्व मनाते आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर समस्या उजागर होने के बाद प्रशासन की त्वरित पहल से घाट की सफाई होने पर ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत की मुखिया और सफाई कर्मियों के प्रति आभार जताया।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि स्थानीय समस्याओं को जिम्मेदारी के साथ उठाया जाए तो सोशल मीडिया प्रशासन तक आम लोगों की आवाज पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
घैलाढ़ से पप्पू मेहता की रिपोर्ट, Kosi Live