Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA NEWS:गुरुकुल कोचिंग के शिक्षक पर गंभीर आरोप, तीन लापता किशोरियां बरामद; भागलपुर से युवक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 19, 2026

SAHARSA NEWS:गुरुकुल कोचिंग के शिक्षक पर गंभीर आरोप, तीन लापता किशोरियां बरामद; भागलपुर से युवक गिरफ्तार

सहरसा में तीन किशोरियों के लापता होने का मामला सुलझा, बेंगलुरु और भागलपुर से बरामद; एक युवक गिरफ्तार

सहरसा। जिले के काशनगर थाना क्षेत्र के अरसी गांव से बीते 13 सितंबर को लापता हुईं तीन किशोरियों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीनों किशोरियों को अलग-अलग जगहों से बरामद कर लिया है। इस मामले में एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दो किशोरियों को बेंगलुरु और एक को भागलपुर से बरामद किया, जबकि आरोपी युवक अर्जुन कुमार को भागलपुर से पकड़ा गया।

कोचिंग शिक्षक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

मामला पड़रिया पंचायत के अरसी गांव का है। यहां संचालित एक कोचिंग संस्थान के शिक्षक पर तीनों किशोरियों को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में किशोरियों के भाई राजा कुमार ने काशनगर थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

दर्ज प्राथमिकी में खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के रोहियार बंगलिया गांव निवासी अर्जुन कुमार, अरसी गांव के उमेश यादव, रूबी कुमारी, नेहा कुमारी और कोचिंग संचालक सकलदीप कुमार को नामजद किया गया था।

ननिहाल में रहकर चलाते थे कोचिंग संस्थान

परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, अर्जुन कुमार और सकलदीप कुमार अपने ननिहाल अरसी गांव में रहकर गुरुकुल कोचिंग संस्थान चलाते थे। इसी दौरान तीनों किशोरियों का आरोपियों से संपर्क हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने अन्य लोगों की मदद से किशोरियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए।

बेंगलुरु और भागलपुर में पुलिस ने की कार्रवाई

काशनगर थानाध्यक्ष बजरंगी कुमार ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से छानबीन करते हुए दो किशोरियों को बेंगलुरु और एक किशोरी को भागलपुर से बरामद किया। वहीं, मामले में नामजद युवक अर्जुन कुमार को भी भागलपुर से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अर्जुन कुमार (31 वर्ष), रामचंद्र यादव का पुत्र बताया गया है। उसका पता खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के रोहियार गांव का है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद तीनों किशोरियों और गिरफ्तार युवक को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत में पेशी के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Kosi Live की रिपोर्ट।