लखीसराय में पुलिस गश्ती वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, SI समेत 5 पुलिसकर्मी घायल; चालक की हालत गंभीर
लखीसराय/बड़हिया। लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र में शनिवार की अहले सुबह छापेमारी के लिए जा रही पुलिस टीम की गश्ती वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में SI समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस का गश्ती वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसा बड़हिया-लखीसराय सीमा के पास हुआ। बताया गया कि बड़हिया थाना की पुलिस टीम एक मामले में कार्रवाई और छापेमारी के लिए जा रही थी। इसी दौरान लखीसराय की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस गश्ती वाहन में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन में सवार पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
SI समेत पांच पुलिसकर्मी घायल
दुर्घटना में पुलिस गश्ती वाहन के चालक ललन कुमार को गंभीर चोट लगी है। इसके अलावा SI एकेएस श्रीवास्तव, हवलदार राजेश कुमार, महिला सिपाही सीता कुमारी और सिपाही एकता कुमारी घायल हुए हैं। महिला पुलिसकर्मी के सिर में भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और सभी को तत्काल बड़हिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर
बड़हिया रेफरल अस्पताल में चिकित्सक डॉ. अनिल ठाकुर ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर इलाज और आवश्यक जांच के लिए सभी घायलों को सदर अस्पताल लखीसराय रेफर कर दिया गया। पुलिस वाहन के चालक ललन कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ट्रक छोड़कर चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया।
टाउन थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि फरार ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है। तेज रफ्तार और लापरवाही समेत दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल सभी घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।