Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णियां में जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सात गिरफ्तार; 69,870 रुपये नकद समेत सामान बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, October 4, 2026

पूर्णियां में जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सात गिरफ्तार; 69,870 रुपये नकद समेत सामान बरामद

बायसी में जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सात गिरफ्तार; 69,870 रुपये नकद समेत सामान बरामद

पूर्णिया। बायसी एसडीपीओ जितेंद्र पांडे के नेतृत्व में रौटा थाना पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने शुक्रवार की शाम रौटा बाजार के छोटी पंदरपुर स्थित एक निजी मकान में चल रहे जुए के अड्डे पर छापेमारी कर सात लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 69,870 रुपये नकद, छह मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद किए गए।

गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी

बायसी एसडीपीओ जितेंद्र पांडे ने रौटा थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि रौटा बाजार से कुछ दूरी पर स्थित एक निजी मकान में अवैध रूप से जुआ संचालित किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के अनुसार नवेद आलम और रमेश गुप्ता कथित तौर पर आर्थिक लाभ के लिए जुए का अड्डा चला रहे थे।

सूचना का सत्यापन कराने के बाद एसएसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। इसके बाद टीम ने मौके पर छापेमारी कर सात लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस टीम में ये अधिकारी और जवान रहे शामिल

कार्रवाई के लिए गठित टीम में रौटा थानाध्यक्ष हरि प्रसाद यादव, अमौर थानाध्यक्ष अमजद अली के अलावा पुलिसकर्मी जवाहर मंडल, हमीद अहमद, रामरतन कुमार, रंजन कुमार सिंह और वंश भूषण कुमार समेत अन्य जवान शामिल थे।

सात लोगों की गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रौटा थाना क्षेत्र के नवेद आलम, हसिबर रहमान, मोहम्मद अबसार और विजय कुमार शाहबाज शामिल हैं। वहीं अमौर थाना क्षेत्र के जावेद अख्तर और मुंटसिर समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने मौके से बरामद नकदी, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और ताश के पत्तों को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी

एसडीपीओ ने बताया कि यह कार्रवाई पूर्णिया जिले में अवैध जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अवैध जुआ सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध जुआ संचालित करने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।