Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में मारपीट की सूचना देकर पुलिस को बुलाकर पीटा, दारोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल; 8 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, October 3, 2026

बिहार में मारपीट की सूचना देकर पुलिस को बुलाकर पीटा, दारोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल; 8 गिरफ्तार

सीतामढ़ी में डायल-112 की टीम पर हमला, दारोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल; 8 गिरफ्तार

 

सीतामढ़ी में डायल-112 टीम पर हमला, दारोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल; 8 गिरफ्तार, 50 पर प्राथमिकी

सीतामढ़ी के सोनबरसा थाना क्षेत्र के सोहरवा गांव में शुक्रवार देर शाम मारपीट की सूचना पर पहुंची डायल-112 की पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। अचानक हुई झड़प में दारोगा पुनीत कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, भीड़ ने पुलिस वाहन को घेरकर ईंट-पत्थर से हमला किया और वाहन के आगे-पीछे के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। मामले में पुलिस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

मारपीट की सूचना पर पहुंची थी डायल-112 की टीम

बताया गया कि शुक्रवार की शाम गांव में विवाद और मारपीट की सूचना डायल-112 को दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विवाद की जानकारी लेकर स्थिति शांत कराने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ गया।

पुलिस की प्राथमिकी के मुताबिक, मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को घेर लिया। इसके बाद वाहन पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई। घटना में महिला सिपाही समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए।

ग्रामीणों ने पुलिस पर भी लगाया मारपीट का आरोप

दूसरी ओर, ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मुर्गी फार्म संचालक लालबाबू शाह को रोककर पूछताछ की और उसके साथ डंडे से मारपीट की। इसके बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पुलिस वाहन में तोड़फोड़ के साथ पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई।

ग्रामीणों के अनुसार, इस झड़प में लालबाबू शाह और वैदेही यादव भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के घायल होने के बाद सभी पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

फायरिंग का वीडियो भी सामने आया

घटना के बाद पुलिस-ग्रामीण झड़प से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें गोलियों जैसी आवाज सुनाई दे रही है। वीडियो में करीब तीन राउंड फायरिंग की आवाज होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि फायरिंग किसकी ओर से हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने बताया कि घटना में फायरिंग नहीं हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

अतिरिक्त पुलिस बल और एसएसबी ने संभाली स्थिति

पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलते ही सोनबरसा थाना पुलिस के अलावा आसपास के थानों से अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसएसबी के जवानों को भी बुलाया गया। भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया गया।

घायल पुलिसकर्मियों को सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर सदर एसडीएम आनंद कुमार और एएसपी आशीष आनंद भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

30 नामजद समेत 20 अज्ञात पर प्राथमिकी

डायल-112 के पुअनि राजेश कुमार के लिखित बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी में 30 नामजद महिला-पुरुष समेत 20 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुलार मुखिया, राम बाबू साह, बादल कुमार, सीमा कुमारी, भारती कुमारी, शांता कुमारी, चन्द्रिका कुमारी और वर्षा कुमारी को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, मामले में नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। सोहरवा गांव में एहतियातन पुलिस की तैनाती भी बढ़ा दी गई है।