किराना दुकान की आड़ में शराब का कारोबार, जमीन के अंदर छिपाकर रखी शराब बरामद; आरोपी पहले भी 4 बार जा चुका है जेल
मधेपुरा। शंकरपुर थाना पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रायभीर पंचायत के बसंतपुर वार्ड-14 में छापेमारी की। पुलिस ने अनिल यादव के घर से विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। शराब को घर की जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया था।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान जमीन की खुदाई कर 6 बीयर, 2 फुल क्वाटर विदेशी शराब और 9 टेट्रा पैक बरामद किए गए। शराब को जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया था, ताकि पुलिस की नजर से बचाया जा सके।
किराना दुकान की आड़ में शराब बेचने की सूचना
थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अनिल यादव किराना दुकान की आड़ में विदेशी शराब की बिक्री करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई।
पहले भी कई बार हो चुकी है कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, अनिल यादव के खिलाफ पहले भी शराब बिक्री के मामले में कार्रवाई हो चुकी है। शंकरपुर पुलिस ने उसे दो बार और उत्पाद विभाग ने भी दो बार शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
पुलिस अब आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को दोबारा जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।