जमीन की मापी सुधारने के लिए 20 हजार रिश्वत मांगी, 16 हजार लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार
अरवल। सदर प्रखंड की रामपुर वैना पंचायत में तैनात राजस्व कर्मचारी शिवमंगल पासवान को निगरानी विभाग की टीम ने गुरुवार को 16 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि जमीन की मापी में सुधार करने के एवज में कर्मचारी ने परिवादी से कुल 20 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायतकर्ता उमैराबाद बाजार निवासी रविंद्र कुमार सोनी ने राजस्व कर्मचारी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए निगरानी विभाग में शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार, जमीन की मापी में सुधार के लिए 20 हजार रुपये मांगे गए थे।
4 हजार रुपये पहले ऑनलाइन देने का आरोप
निगरानी विभाग के डीएसपी वसीम फिरोज के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मामले की प्रारंभिक जांच कराई गई। आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया और कार्रवाई के लिए धावादल का गठन किया गया।
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता ने कथित रिश्वत की रकम में से 4 हजार रुपये पहले ही ऑनलाइन दे दिए थे। इसके बाद बाकी 16 हजार रुपये नकद देने की बात तय हुई थी।
बैदराबाद बाजार में लेते ही दबोचा
गुरुवार को निगरानी विभाग की टीम ने बैदराबाद बाजार में जाल बिछाया। जैसे ही राजस्व कर्मचारी ने परिवादी से 16 हजार रुपये नकद लिए, टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद कर्मचारी को सर्किट हाउस ले जाकर पूछताछ की गई।
निगरानी विभाग की टीम अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पटना ले जाकर विशेष अदालत में होगी पेशी
डीएसपी वसीम फिरोज ने बताया कि गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी को निगरानी विभाग की टीम पटना ले जाएगी। वहां उसे निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शिवमंगल पासवान मूल रूप से कलेर प्रखंड के बुलाकी बिगहा गांव का रहने वाला बताया गया है। वर्तमान में वह सदर थाना क्षेत्र के ओझा बिगहा में नया मकान बनाकर रह रहा था।