Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में टेंट कर्मी की गोली मारकर हत्या, घर से 100 मीटर पहले घात लगाए अपराधियों ने किया हमला - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 1, 2026

मधेपुरा में टेंट कर्मी की गोली मारकर हत्या, घर से 100 मीटर पहले घात लगाए अपराधियों ने किया हमला

मधेपुरा में टेंट कर्मी की गोली मारकर हत्या, घर से 100 मीटर पहले घात लगाए अपराधियों ने किया हमला

मधेपुरा के चौसा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात टेंट में काम करने वाले 40 वर्षीय बबलू मेहता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने रसलपुर धुरिया पंचायत के मेहता टोली में घर से करीब 100 मीटर पहले घात लगाकर उन पर फायरिंग की। घटना में गंभीर रूप से घायल बबलू की सहरसा ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान मेहता टोली वार्ड-4 निवासी स्वर्गीय कमलेश्वरी मेहता के बेटे बबलू मेहता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बबलू बुधवार रात करीब 10:30 बजे टेंट का काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी।

तीन राउंड फायरिंग, दो गोलियां लगीं

बताया जा रहा है कि अपराधियों ने बबलू पर करीब तीन राउंड गोली चलाई। इसमें एक गोली मिस हो गई, जबकि दो गोलियां उनके शरीर में लगीं। गोली लगते ही बबलू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल बबलू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया।

इसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें सहरसा स्थित एक निजी क्लीनिक ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

पत्नी ने कहा- किसी से कोई विवाद नहीं था

बबलू की पत्नी सरिता देवी ने बताया कि उनके पति का किसी से कोई विवाद नहीं था। वह शंभू कुमार के यहां टेंट में मजदूर के रूप में काम करते थे। बुधवार रात काम खत्म करने के बाद घर लौटते समय उन्हें गोली मार दी गई। इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद उदाकिशुनगंज एसडीपीओ पवन कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने चौसा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष राज किशोर कुमार से घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले में अनुसंधान जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।