गया में देसी कट्टे के साथ मां-बेटे गिरफ्तार, स्थानीय लोगों में था भय
गया। चाकंद थाना क्षेत्र के कटहरी टोला बॉली में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक देसी कट्टे के साथ मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुमार, पिता रामजी रविदास और उसकी मां लालती देवी के रूप में हुई है।
चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने सोमवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कटहरी टोला बॉली में एक युवक अवैध हथियार लेकर मौजूद है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने सूरज कुमार और उसकी मां लालती देवी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया। पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया है।
पड़ोसियों को डराने-धमकाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सूरज कुमार को लेकर आसपास के लोगों में भय का माहौल था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह पड़ोसियों को डराने-धमकाने का काम करता था। इसी वजह से लोग उसके खिलाफ खुलकर शिकायत करने से भी बचते थे।
हथियार कहां से आया, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बरामद देसी कट्टे को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाया गया था और क्या इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में किया गया है।
थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।