Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में हथियार के साथ फोटो वायरल होने पर युवक गिरफ्तार, कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, October 4, 2026

सहरसा में हथियार के साथ फोटो वायरल होने पर युवक गिरफ्तार, कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

सहरसा में हथियार के साथ फोटो वायरल होने पर युवक गिरफ्तार, कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

सहरसा। सोशल मीडिया पर हथियार के साथ तस्वीर पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। सदर थाना क्षेत्र के टीओपी-02 पुलिस ने फेसबुक पर वायरल हुई तस्वीर की जांच के बाद कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।

फेसबुक पर हथियार के साथ फोटो पोस्ट होने की मिली सूचना

सदर थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शुक्रवार की शाम टीओपी-02 प्रभारी राघवेंद्र कुमार को सूचना मिली कि एक फेसबुक आईडी से एक युवक की हथियार के साथ तस्वीर पोस्ट की गई है। तस्वीर और पोस्ट के वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का सत्यापन शुरू किया।

जांच के दौरान पुलिस ने तस्वीर में दिख रहे युवक की पहचान रिफ्यूजी कॉलोनी वार्ड नंबर-6 निवासी टुनटुन यादव के 19 वर्षीय पुत्र युगराज कुमार उर्फ छोटू के रूप में की।

कहरा कुटी चौक के पास पुलिस ने पकड़ा

युवक की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कहरा कुटी चौक के समीप छापेमारी की। पुलिस को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान युवक की कमर से एक कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा उसके पास से रेडमी कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

हथियार का वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका युवक

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान युवक हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने बरामद कट्टा, कारतूस और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है।

मामले में सदर थाना में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार युवक को न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अब वायरल तस्वीर और बरामद हथियार के संबंध में भी जांच कर रही है।