Kosi Live-कोशी लाइव बिहार से शादीशुदा प्रेमिका से मिलने गिरिडीह पहुंचे आशिक को ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, October 4, 2026

बिहार से शादीशुदा प्रेमिका से मिलने गिरिडीह पहुंचे आशिक को ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

गिरिडीह में प्रेमी-प्रेमिका को पेड़ से बांधकर पीटा, ग्रामीणों ने की पूछताछ; पुलिस ने छुड़ाया

गिरिडीह। जिले के गावां थाना क्षेत्र के झाराढाब गांव में शादीशुदा महिला से मिलने बिहार से पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक और महिला दोनों को एक पेड़ से बांध दिया। दोनों से उनके कथित संबंधों को लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान मारपीट किए जाने का भी आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि बिहार के नवादा जिले के बिशनपुर गांव निवासी युवक का झाराढाब गांव की एक शादीशुदा महिला से कथित प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रविवार को युवक महिला से मिलने उसके गांव पहुंचा था। वह महिला के घर पहुंचा ही था कि आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी हो गई।

ग्रामीणों ने दोनों को पेड़ से बांधा

जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और महिला को भी उसके घर से बाहर बुलाया। इसके बाद दोनों को एक पेड़ से बांध दिया गया। ग्रामीण उनसे कथित संबंधों को लेकर पूछताछ करने लगे। आरोप है कि इस दौरान दोनों के साथ मारपीट भी की गई।

काफी देर तक दोनों पेड़ से बंधे रहे और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना की जानकारी गावां थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलने के बाद गावां थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया। इसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई। घटना की जानकारी दोनों के परिजनों को भी दी गई है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ ग्रामीण दोनों से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। पुलिस वायरल वीडियो और घटनास्थल से मिली जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने कहा- जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया कि दो लोगों को पेड़ से बांधकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को मुक्त कराकर थाने ले आई। दोनों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट पता चल सकेगा।