समस्तीपुर में जनसुराज के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गिरफ्तार, निलंबित दरोगा को दी थी लाइसेंसी राइफल; चोरी की झूठी शिकायत का आरोप
समस्तीपुर। मोहिउद्दीननगर विधानसभा सीट से 2025 में जनसुराज के टिकट पर चुनाव लड़ चुके राज कपूर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के अंदौर गांव से हुई है। पुलिस का आरोप है कि राज कपूर सिंह ने अपनी लाइसेंसी राइफल निलंबित दरोगा सरोज सिंह को आपराधिक वारदात में इस्तेमाल करने के लिए दी थी।
पुलिस के अनुसार, बाद में जब एसटीएफ की कार्रवाई में सरोज सिंह के घर से राइफल बरामद हुई तो राज कपूर सिंह ने उसे चोरी की बताकर पुलिस और कोर्ट को गुमराह करने की कोशिश की। जांच में चोरी की शिकायत गलत पाई गई और बरामद राइफल का नंबर वही निकला, जो राज कपूर सिंह ने अपनी चोरी हुई राइफल के रूप में दर्ज कराया था।
एसटीएफ की छापेमारी में बरामद हुए थे कई हथियार
पूरा मामला 6 जून 2025 की रात हुई एसटीएफ कार्रवाई से जुड़ा है। मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के गंगा दियारा इलाके के सुल्तानपुर गांव में एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम ने निलंबित दरोगा सरोज सिंह के घर पर छापेमारी की थी।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग भी की गई थी। तलाशी में सरोज सिंह के घर से एके-47, इंसास राइफल, कार्बाइन और दो रेगुलर राइफल समेत कई हथियार बरामद किए गए थे।
इस मामले में सरोज सिंह के अलावा उसके चाचा और भतीजे को भी गिरफ्तार किया गया था।
राइफल बरामद होने के बाद दर्ज कराई चोरी की शिकायत
पुलिस के मुताबिक, एसटीएफ की कार्रवाई में अपनी लाइसेंसी राइफल बरामद होने की जानकारी मिलने के बाद राज कपूर सिंह ने कोर्ट में राइफल चोरी होने का परिवाद दाखिल किया था। इसके आधार पर मोहिउद्दीननगर थाने में राइफल चोरी का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने बरामद राइफल की पहचान और उसके रिकॉर्ड की जांच की। बरामद राइफल का नंबर 166109096 पाया गया। जांच में यही नंबर उस लाइसेंसी राइफल का निकला, जिसे राज कपूर सिंह ने चोरी की बताया था।
जांच में चोरी की कहानी गलत मिलने का पुलिस का दावा
पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर राइफल चोरी होने की बात गलत पाई गई। पुलिस के अनुसार, राज कपूर सिंह ने अपनी लाइसेंसी राइफल निलंबित दरोगा सरोज सिंह को दी थी।
पुलिस का आरोप है कि राइफल का इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए किया जाना था। हालांकि, घटना को अंजाम दिए जाने से पहले ही एसटीएफ को इसकी जानकारी मिल गई और सरोज सिंह के घर छापेमारी कर हथियार बरामद कर लिए गए।
इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर राज कपूर सिंह के खिलाफ अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई। शनिवार रात पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की
समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने राज कपूर सिंह की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। एसपी के अनुसार, जांच में यह बात सामने आई है कि राज कपूर सिंह ने अपनी लाइसेंसी राइफल सरोज सिंह को आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए दी थी।
एसपी ने बताया कि राइफल बरामद होने के बाद उसे चोरी का बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई। जांच के बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर राज कपूर सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
सरोज सिंह के घर से बरामद इंसास भी चोरी की निकली
एसटीएफ की कार्रवाई के दौरान बरामद हथियारों में एक इंसास राइफल भी शामिल थी। पुलिस जांच में सामने आया कि यह इंसास राइफल रोहतास जिले में लोकसभा चुनाव के दौरान ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात जवान मंटू कुमार की थी। ड्यूटी के दौरान यह राइफल चोरी हो गई थी।
हालांकि, सरोज सिंह के घर से बरामद एके-47 और कार्बाइन के संबंध में पुलिस को अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। इन हथियारों के स्रोत और उनके इस्तेमाल को लेकर जांच जारी है।
पुलिस द्वारा लगाए गए आरोप जांच और दर्ज प्राथमिकी पर आधारित हैं। मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।