Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:सड़क हादसे में असिस्टेंट प्रोफेसर की मौत, अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, October 4, 2026

BIHAR:सड़क हादसे में असिस्टेंट प्रोफेसर की मौत, अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर

मोतिहारी में सड़क हादसे में असिस्टेंट प्रोफेसर की मौत, अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर

मोतिहारी। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बनकट के पास सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चिरैया थाना क्षेत्र के पनसलवा गांव निवासी सत्येंद्र त्रिपाठी के इकलौते बेटे विक्की (29) के रूप में हुई है। विक्की महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में पीजी के छात्र थे और करीब दो महीने पहले ही बीपीएससी के माध्यम से असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर उनकी बहाली हुई थी।

कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार, महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों के स्वागत के बाद विक्की बाइक से अपने डेरा लौट रहे थे।

इसी दौरान बनकट के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विक्की गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। विक्की को सड़क पर घायल अवस्था में देखकर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो बहनों के बीच इकलौते भाई थे विक्की

विक्की दो बहनों के बीच इकलौते भाई थे। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि विक्की की खुद अभी शादी नहीं हुई थी। बताया गया कि वह अपनी छोटी बहन की शादी की तैयारी कर रहे थे। छोटी बहन अभी पढ़ाई कर रही है।

परिजनों ने बताया कि विक्की के पिता पूजा-पाठ कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के लिए काफी मेहनत की थी। बीपीएससी के माध्यम से विक्की की असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नौकरी लगने के बाद परिवार में खुशी का माहौल था। परिजनों को विक्की से भविष्य को लेकर काफी उम्मीदें थीं।

बेटे का शव देखकर बेसुध होती रही मां

विक्की का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद उनके माता-पिता और बहन भी अस्पताल पहुंचे।

अस्पताल में जैसे ही बहन ने अपने इकलौते भाई का शव देखा, वह उससे लिपटकर रोने लगी। वहीं मां बेटे का शव देखकर बार-बार बेसुध हो रही थीं। परिजनों के विलाप से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है।