Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में 82 लाख की ड्रग्स बरामद, 408 ग्राम स्मैक और 3.888 किलो गांजा जब्त; दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, October 4, 2026

बिहार में 82 लाख की ड्रग्स बरामद, 408 ग्राम स्मैक और 3.888 किलो गांजा जब्त; दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज में 82 लाख की ड्रग्स बरामद, 408 ग्राम स्मैक और 3.888 किलो गांजा जब्त; दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 408 ग्राम स्मैक (हेरोइन जैसा पदार्थ) और 3.888 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। दोनों कार्रवाई में पश्चिम बंगाल के रहने वाले दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 82 लाख रुपये है।

दोनों मामलों में किशनगंज थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एमजीएम गेट के पास संदिग्ध युवक गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में एएनटीएफ और किशनगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।

पहली कार्रवाई किशनगंज थाना क्षेत्र के एमजीएम गेट संख्या-2 के पास मालद्वार जाने वाली सड़क पर की गई। यहां पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में उसकी पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के ग्वालपोखर थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय निखिल मंडल के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके पास से 408 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मालद्वार से मादक पदार्थ लेकर किशनगंज में एक अन्य तस्कर को पहुंचाने जा रहा था।

इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 1094/26 दर्ज किया गया है।

शरीर से बंधे पैकेटों में मिला 3.888 किलो गांजा

दूसरी कार्रवाई किशनगंज बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन जाने वाली सर्विस रोड पर टाउन हॉल के पास की गई। पुलिस ने यहां एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर उसकी तलाशी ली।

उसकी पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय सत्तार शेख के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके शरीर से बंधे पैकेटों में 3.888 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कूचबिहार से गांजा लेकर मुर्शीदाबाद में बेचने के लिए जा रहा था। इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 1095/26 दर्ज किया गया है।

तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। बरामद मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण भी कराया जा रहा है।

पुलिस मादक पदार्थों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीले पदार्थ कहां से लाए गए और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि नशीले पदार्थों के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर नियमानुसार उनकी जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।