कटिहार में 814 लीटर विदेशी शराब और 21 ग्राम स्मैक बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार; कार-पिकअप जब्त
कटिहार। कटिहार जिला पुलिस ने मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 814.86 लीटर विदेशी शराब और 21 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल एक कार, एक पिकअप वैन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई डी.एस. कॉलेज ओपी और कुर्सेला थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर गुप्त सूचना के आधार पर की। दोनों जगहों पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब और मादक पदार्थों की बरामदगी की।
डी.एस. कॉलेज ओपी क्षेत्र में 474 लीटर शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
डी.एस. कॉलेज ओपी अध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पिकअप वैन में भारी मात्रा में विदेशी शराब लेकर हरिगंज चौक (कोरियापट्टी) की ओर आ रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इसकी पुष्टि की और संबंधित स्थान पर वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही पिकअप सवार भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें से 474 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा कुमार (23 वर्ष), पिता नरेश शर्मा, निवासी तिनगछिया, नगर थाना, कटिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने पिकअप और बरामद शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कुर्सेला में कार से 340.86 लीटर विदेशी शराब बरामद
शराब तस्करी के खिलाफ दूसरी कार्रवाई कुर्सेला थाना क्षेत्र में की गई। थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस बल ने बल्थी महेशपुर चौक के पास घेराबंदी कर सघन वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 340.86 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ कार को भी जब्त कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कुर्सेला बस्ती में 21 ग्राम स्मैक के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
कुर्सेला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक अन्य कार्रवाई करते हुए 21 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुर्सेला बस्ती में एक व्यक्ति अपने घर से नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष कुमार मंडल, पिता प्रेम मंडल/पेरू मंडल, निवासी कुर्सेला बस्ती के रूप में हुई है।
घर की विधिवत तलाशी लेने पर पुलिस को 21 ग्राम स्मैक बरामद हुई। मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, आगे की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, शराब और स्मैक बरामदगी से जुड़े सभी मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब और स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।