Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा न्यायिक हिरासत में - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, October 6, 2026

बिहार में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा न्यायिक हिरासत में

दरभंगा में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा न्यायिक हिरासत में

दरभंगा। घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के देउरी गांव में 8 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची की मां के आवेदन पर घनश्यामपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक गौरव कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पीड़िता की मां सोनदाय देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:15 बजे उनकी आठ वर्षीय बेटी स्कूल से पढ़कर घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में गौरव कुमार मंडल ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर के अंदर बुलाया। बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी ने उसे छोड़ दिया। घर पहुंचने के बाद बच्ची ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

आरोपी के घर पहुंचने पर विवाद और मारपीट का आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्ची की मां पड़ोस की एक महिला के साथ आरोपी के घर पहुंचीं और मामले को लेकर उससे पूछताछ की। आवेदन के अनुसार, वहां आरोपी ने दोनों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया।

इसके बाद पीड़िता की मां अपने सास-ससुर के साथ दोबारा आरोपी के घर पहुंचीं। आरोप है कि इस दौरान आरोपी के परिजनों ने भी पीड़िता के परिवार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर देउरी गांव से आरोपी गौरव कुमार मंडल को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस पीड़िता के बयान, चिकित्सकीय जांच और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के विरोध में कानून हाथ में लेने या मारपीट करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कोशी लाइव की रिपोर्ट