पूर्णिया में 516 लीटर विदेशी शराब के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, 650 बोरा यूरिया भी जब्त
पूर्णिया। जिले में शराबबंदी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी के निर्देश पर विशेष टीम और डीआईयू ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मरंगा थाना क्षेत्र के मिल्की मुसहरी में छापेमारी कर 516.42 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की। मौके से दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एक पिकअप, एक ब्रेजा कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 की रात मरंगा थाना पुलिस को इलाके में अवैध विदेशी शराब की खेप पहुंचने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम का गठन कर डीआईयू के साथ संयुक्त रूप से मिल्की मुसहरी में छापेमारी की गई। इस दौरान शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामघाट निवासी 30 वर्षीय मोहम्मद तस्लीम और के.नगर थाना क्षेत्र के बेला निवासी 30 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में हुई है।
पश्चिम बंगाल से लाई गई थी शराब की खेप
पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के करणदिघी इलाके से लाई गई थी। इसे पूर्णिया और आसपास के क्षेत्रों में छोटी-छोटी मात्रा में सप्लाई किया जाना था।
एसडीपीओ ने बताया कि चेकपोस्ट पर लगातार जांच के बावजूद तस्कर कटिहार और अन्य ग्रामीण रास्तों का इस्तेमाल कर शराब की खेप बिहार में प्रवेश कराने की कोशिश करते हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य सरगना और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।
72 घंटे में 900 लीटर से ज्यादा शराब जब्त
पुलिस के अनुसार, पिछले 72 घंटे में मधुबनी और मरंगा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 900 लीटर से अधिक देसी और विदेशी शराब जब्त की गई है। दो दिन पहले मधुबनी थाना क्षेत्र से करीब 350 लीटर शराब बरामद की गई थी।
650 बोरा यूरिया खाद भी जब्त
शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने मरंगा टोल प्लाजा के पास करीब 650 बोरा यूरिया खाद के अवैध परिवहन का भी मामला पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, यूरिया से लदा एक पिकअप मैजिक वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया, लेकिन उसका चालक मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यूरिया की खेप नवगछिया से पूर्णिया लाई जा रही थी और इसे श्रीनगर प्रखंड के जगेली इलाके में पहुंचाया जाना था। जब्त वाहन से पुलिस को एक मोबाइल फोन मिला है, जिसमें कुछ फोन नंबर और डिजिटल बिल मिले हैं।
नवगछिया, कटिहार और पूर्णिया के लोगों की भूमिका की जांच
पुलिस को आशंका है कि यूरिया की कालाबाजारी से जुड़े नेटवर्क में नवगछिया, कटिहार और पूर्णिया के कुछ लोग शामिल हो सकते हैं। मोबाइल में मिले नंबरों और डिजिटल बिल के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
एसडीपीओ अभिनव पाराशर ने बताया कि यूरिया की गुणवत्ता और वैधानिकता से संबंधित आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अवैध शराब और खाद की कालाबाजारी से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखे हुए है।
कोशी लाइव की रिपोर्ट