Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा: थार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर,2 की मौत; एक गंभीर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, October 4, 2026

बिहार में फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा: थार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर,2 की मौत; एक गंभीर

अकबरनगर में फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा: थार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत; एक गंभीर

भागलपुर। अकबरनगर थाना क्षेत्र के खेरैहिया के समीप फोरलेन पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार महिंद्रा थार और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पूरी तरह पिचक गई। हादसे में थार सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

टक्कर की तेज आवाज सुनकर मौके पर जुटे ग्रामीण

हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के खेतों और सड़क किनारे मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचते ही लोगों ने थार की भयावह स्थिति देखी। दुर्घटना के बाद वहां चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त थार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया

सूचना मिलते ही अकबरनगर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है।

दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी

पुलिस ने हादसे में मारे गए दोनों लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी कराई जा रही है। फिलहाल मृतकों और घायल की पहचान की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल की स्थिति, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है।