Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:परिवार सोता रहा, चोर आलमारी उठाकर आधा किमी दूर ले गए; डेढ़ लाख कैश और ढाई लाख के जेवर चोरी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 22, 2026

SUPAUL:परिवार सोता रहा, चोर आलमारी उठाकर आधा किमी दूर ले गए; डेढ़ लाख कैश और ढाई लाख के जेवर चोरी

सुपौल में परिवार सोता रहा, चोर आलमारी उठाकर आधा किमी दूर ले गए; डेढ़ लाख कैश और ढाई लाख के जेवर चोरी

सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र की कटैया माहे पंचायत के वार्ड नंबर सात में सोमवार की रात चोरों ने दुस्साहसिक चोरी की घटना को अंजाम दिया। घर के सभी सदस्य अंदर सोते रहे और चोरों ने कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। इसके बाद घर में रखी गोदरेज की आलमारी को उठाकर करीब आधा किलोमीटर दूर बांसबाड़ी में ले गए। वहां आलमारी तोड़कर उसमें रखे डेढ़ लाख रुपये नकद और करीब ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गृहस्वामी अजय कुमार ने बताया कि सोमवार की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। एक कमरे में वह और उनकी पत्नी, जबकि दूसरे कमरे में उनका बेटा और बहू सो रहे थे।

देर रात चोरों ने दोनों कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। इसके बाद तीसरे कमरे में रखी गोदरेज की आलमारी को घर से बाहर निकाला और पश्चिम दिशा में करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित बांसबाड़ी में ले गए।

बांसबाड़ी में तोड़ी आलमारी

बांसबाड़ी पहुंचने के बाद चोरों ने आलमारी तोड़ दी। उसमें रखे करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, लगभग डेढ़ भरी सोना और 16 भरी चांदी के जेवरात निकाल लिए। गृहस्वामी के अनुसार चोरी गए जेवरात की कीमत करीब ढाई लाख रुपये है।

चोरों ने आलमारी में रखी साड़ियां और अन्य सामान को वहीं छोड़ दिया और नकदी व जेवर लेकर फरार हो गए।

सुबह खुली चोरी की वारदात

मंगलवार सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद पाया। मोबाइल फोन के माध्यम से पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी गई। पड़ोसियों के पहुंचने के बाद दरवाजा खोला गया।

इसके बाद परिवार ने घर में देखा तो तीसरे कमरे से आलमारी गायब थी। आसपास खोजबीन करने पर घर से करीब आधा किलोमीटर दूर बांसबाड़ी में टूटी हुई आलमारी मिली। उसमें रखा सामान भी इधर-उधर बिखरा हुआ था।

इसके बाद घटना की सूचना पिपरा पुलिस को दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि चोरी को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

घटना से ग्रामीणों में दहशत

घनी बस्ती के बीच हुई इस चोरी से आसपास के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने जिस तरीके से घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के कमरों को बाहर से बंद किया और फिर आलमारी उठाकर ले गए, उससे उनकी बेखौफ गतिविधि का अंदाजा लगाया जा सकता है।

ग्रामीणों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द चोरी का खुलासा करने और आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की है।