लखीसराय में 60 साल के पिंकू सिंह ने 23 साल की वर्षा रानी से की शादी, वीडियो वायरल; युवती बोली- अपनी इच्छा से लिया फैसला
लखीसराय। लखीसराय जिले में एक अनोखी शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। 60 साल के पिंकू सिंह और करीब 23 साल की वर्षा रानी की शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों शादी की रस्में निभाते हुए नजर आ रहे हैं। शादी का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा में आ गया है।
यह मामला अभयपुर के पीरीबाजार थाना क्षेत्र के रामपुर (अभयपुर) का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले पिंकू सिंह ने लखीसराय जिले की करीब 23 वर्षीय वर्षा रानी से शादी की है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वर्षा रानी भिरहा हरिजन टोला, वार्ड नंबर-4 की रहने वाली हैं। उनके पिता का नाम झींगन महतो बताया गया है।
युवती ने कहा- अपनी इच्छा से की शादी
शादी के बाद वर्षा रानी ने बताया कि उन्होंने पिंकू सिंह से अपनी इच्छा से शादी की है। वह फिलहाल ग्रेजुएशन पार्ट-1 में पढ़ाई कर रही हैं।
बताया गया है कि वर्षा की इससे पहले भी शादी हो चुकी थी। उनकी पहली शादी मुंगेर जिले के कल्याणपुर में हुई थी। पहली शादी से उनकी एक बच्ची भी है।
पहली शादी के बाद बिगड़े हालात
वर्षा के अनुसार, उन्होंने पहली शादी भी अपनी पसंद से की थी। उनके मुताबिक, ससुराल में आग लगने की एक घटना में उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया था। इसके बाद उनके पति ने उन्हें अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।
वर्षा का आरोप है कि बाद में उनकी मां के हस्तक्षेप के बाद उन्हें ससुराल से अलग होना पड़ा। पहली शादी के बाद पैदा हुई परिस्थितियों के बीच उन्होंने पिंकू सिंह के साथ शादी करने का फैसला लिया।
करीब 10 साल से अकेले रह रहे थे पिंकू
बताया गया है कि पिंकू सिंह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर हैं। वह खेती के साथ मजदूरी का काम करते हैं। उनकी पत्नी करीब 10 साल पहले उन्हें छोड़कर चली गई थीं। इसके बाद से वह अकेले रहकर खेती और मजदूरी के जरिए अपना जीवन चला रहे थे।
इसी दौरान पिंकू सिंह और वर्षा रानी के बीच संबंध बने और दोनों ने शादी करने का फैसला लिया।
सरपंच ने कहा- दोनों का निजी मामला
शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जब यह मामला चर्चा में आया तो स्थानीय स्तर पर लोगों ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी। सरपंच के अनुसार, यह दोनों का निजी मामला है और दोनों ने अपनी इच्छा से शादी की है। उन्होंने दोनों को साथ रहने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा शादी का वीडियो
वायरल वीडियो में पिंकू सिंह और वर्षा रानी शादी की रस्में निभाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद 60 वर्षीय बुजुर्ग और 23 वर्षीय युवती की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हालांकि, युवती की उम्र 23 वर्ष होने की जानकारी सीएसडब्ल्यू सुप्रिया कुमारी की ओर से दी गई है। युवती ने भी अपनी शादी को अपनी इच्छा से लिया गया फैसला बताया है। मामले में फिलहाल दोनों के साथ रहने की बात सामने आई है।