गया में पिस्टल लहराते मुखिया का वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज की FIR; हथियार असली या नकली, जांच जारी
गया। बेलागंज प्रखंड की चिरैला पंचायत के मुखिया जितेंद्र यादव का पिस्टल लहराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मुखिया एक गाने पर रील बनाते हुए हाथ में पिस्टल लेकर घूमते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो पहले उनकी सोशल मीडिया स्टोरी पर शेयर किया गया था, जिसके बाद इसे अन्य प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुखिया के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी रवि प्रकाश ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और जांच के लिए बेलागंज थाना भेजा गया है।
पिस्टल असली है या नकली, जांच जारी
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार असली पिस्टल है या कोई दूसरी वस्तु, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस वीडियो की सत्यता, उसके बनाए जाने की जगह और समय के साथ यह भी पता लगा रही है कि वीडियो सोशल मीडिया पर कब और किसके द्वारा पोस्ट किया गया।
बेलागंज थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही हथियार और वीडियो से जुड़े तथ्यों पर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।