Saharsa News: सिमरी बख्तियारपुर में 306 ग्राम स्मैक के साथ पति-पत्नी समेत 3 गिरफ्तार, 35 लाख के ड्रग्स नेटवर्क का पुलिस ने किया खुलासा
सहरसा | KOSI LIVE
सहरसा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र में सक्रिय एक स्मैक (ब्राउन शुगर) तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 306 ग्राम स्मैक, 2 लाख 11 हजार 580 रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन मोबाइल फोन और बैंक से जुड़े कई दस्तावेज बरामद किए हैं। जब्त स्मैक की कीमत खुले बाजार में करीब 30 से 35 लाख रुपये आंकी गई है।
शुक्रवार दोपहर बख्तियारपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ निशीकांत भारती ने पूरे मामले का खुलासा किया। इस दौरान सर्किल इंस्पेक्टर निवास कुमार, थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर जयशंकर कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
गुप्त सूचना पर शर्मा चौक में हुई छापेमारी
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि भौरा नया टोला निवासी पूजो कुमार अपनी पत्नी नीता कुमारी के साथ शर्मा चौक स्थित राजेंद्र भगत के मकान की पहली मंजिल पर किराये के कमरे में बड़े पैमाने पर स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अंचलाधिकारी को सूचित कर एनडीपीएस एक्ट की धारा-50 के तहत विधिवत छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान कमरे में टेबल के नीचे रखे स्टील के टिफिन बॉक्स से तीन पारदर्शी जिपर पैकेट में कुल 306 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
नकदी, तराजू और बैंक दस्तावेज भी मिले
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों की तीन पासबुक, चेकबुक और पैन कार्ड भी जब्त किए। इसके अलावा काले रंग की पॉलीथिन में रखे 500, 200, 100, 50, 20 और 10 रुपये के नोटों के बंडल के रूप में कुल 2 लाख 11 हजार 580 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस का कहना है कि यह नकदी स्मैक की बिक्री से अर्जित की गई थी। आरोपी स्मैक को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्थानीय युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचते थे।
पति-पत्नी से पूछताछ में खुला पूरे नेटवर्क का राज
गिरफ्तार पूजो कुमार और उसकी पत्नी नीता कुमारी से पूछताछ के दौरान पुलिस को तस्करी नेटवर्क की अहम जानकारी मिली। दोनों ने स्वीकार किया कि वे बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया निवासी अमित कुमार से स्मैक की खेप मंगवाते थे और इलाके में बिक्री के बाद होने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेते थे।
जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर अमित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
सप्लायर का पहले से रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
एसडीपीओ निशीकांत भारती ने बताया कि गिरफ्तार सप्लायर अमित कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ महिषी थाना में वर्ष 2024 में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 49/24 दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी
* पूजो कुमार, निवासी भौरा नया टोला, वार्ड संख्या-1, सिमरी बख्तियारपुर
* नीता कुमारी, पत्नी पूजो कुमार
* अमित कुमार, निवासी गम्हरिया, थाना बैजनाथपुर, सहरसा
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने इस मामले में सिमरी बख्तियारपुर थाना कांड संख्या 330/24 के तहत एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इन पुलिस अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
पूरे अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर जयशंकर कुमार ने किया। टीम में सब इंस्पेक्टर प्रभाष कुमार, जितेन्द्र कुमार, शोएब अख्तर, अंजली कुमारी, थाना सशस्त्र बल तथा सहरसा डीआईयू (DIU) की टीम शामिल रही। सफल कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना की है।