Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News:लड़कियों को फंसाती पत्नी, पति लाता था ग्राहक; सेक्स रैकेट के 7 गिरफ्तार, 2 नाबालिग बच्चियां मुक्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, September 25, 2026

Bihar News:लड़कियों को फंसाती पत्नी, पति लाता था ग्राहक; सेक्स रैकेट के 7 गिरफ्तार, 2 नाबालिग बच्चियां मुक्त

Bihar News: बेहतर जिंदगी का झांसा देकर किशोरियों को देह व्यापार में धकेलने वाले स्टेट लेवल गैंग का पर्दाफाश, पटना-मुजफ्फरपुर से दो नाबालिग मुक्त, 7 गिरफ्तार
पटना/मुजफ्फरपुर | KOSI LIVE

बिहार पुलिस ने किशोरियों को बेहतर जिंदगी का झांसा देकर उनका अपहरण करने, बंधक बनाने और फिर जबरन देह व्यापार में धकेलने वाले एक बड़े स्टेट लेवल मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पटना के रामकृष्ण नगर और मुजफ्फरपुर के पताही इलाके में छापेमारी कर दो नाबालिग किशोरियों को मुक्त कराया है। इस कार्रवाई में गिरोह से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य सरगना समेत दो आरोपी अभी फरार हैं।

28 फरवरी के अपहरण से खुला पूरा नेटवर्क

मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि कथैया थाना क्षेत्र से 28 फरवरी को 17 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। पीड़िता की मां ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अपहृत किशोरियों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया।

तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पटना के रामकृष्ण नगर में छापेमारी कर अपहृत किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया। मौके से देह व्यापार से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

### ये चार आरोपी पटना से गिरफ्तार

* बिट्टू कुमार (वैशाली)

* शमीता कुमारी (कथैया)

* सुजीत कुमार (दीघा, पटना)

* गिरिजा यादव (रामकृष्ण नगर, मकान मालिक)

मेले से झांसा देकर बनाई गई थी शिकार

बरामद किशोरी ने पुलिस को बताया कि गांव की शमीता कुमारी उसे हरदी मेले से बहला-फुसलाकर मुजफ्फरपुर ले गई थी। वहां उसे एक घर में बंद कर दिया गया और मारपीट व जान से मारने की धमकी देकर जबरन देह व्यापार कराया गया। उसने बताया कि शमीता का पति ग्राहकों को लेकर आता था। कुछ समय बाद उसे मुजफ्फरपुर से पटना के रामकृष्ण नगर ले जाया गया, जहां भी उसे बंधक बनाकर देह व्यापार के लिए मजबूर किया जाता रहा।

पूछताछ में सामने आया दूसरा ठिकाना

गिरफ्तार आरोपियों और पीड़िता से पूछताछ के बाद पुलिस को गिरोह के दूसरे ठिकाने की जानकारी मिली। इसके बाद मुजफ्फरपुर सदर थाना क्षेत्र के पताही इलाके में छापेमारी की गई, जहां एक अन्य किशोरी को भी बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस के अनुसार उसे भी झांसा देकर लाया गया था और हत्या की धमकी देकर उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था।

 पताही से तीन और आरोपी गिरफ्तार

पताही में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया।

* अनीता कुमारी

* आशिष कुमार (पारू)

* भूषण झा (हथौड़ी)

पूरे बिहार में नेटवर्क की जांच

एसएसपी ने बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना और दो अन्य चिह्नित आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस मानव तस्करी गिरोह का नेटवर्क बिहार के कई अन्य जिलों तक फैला हो सकता है। फरार सरगना की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

पुलिस का कहना है कि किशोरियों के अपहरण और मानव तस्करी के मामलों में विशेष अभियान जारी रहेगा और पूरे गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।