Kosi Live-कोशी लाइव PM मोदी पर आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में RJD नेता गिरफ्तार: जन्मदिन पर फोटो पर माला चढ़ाकर की टिप्पणी, कंटेंट क्रिएटर की तलाश में पुलिस - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, September 18, 2026

PM मोदी पर आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में RJD नेता गिरफ्तार: जन्मदिन पर फोटो पर माला चढ़ाकर की टिप्पणी, कंटेंट क्रिएटर की तलाश में पुलिस

मुंगेर में PM मोदी पर आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में RJD नेता गिरफ्तार: जन्मदिन पर फोटो पर माला चढ़ाकर की टिप्पणी, कंटेंट क्रिएटर की तलाश में पुलिस

मुंगेर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अपमानजनक पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने राजद के मुंगेर नगर अध्यक्ष सैयद जुनैद मखमूर को गिरफ्तार किया है। कासिम बाजार थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, जुनैद ने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। तस्वीर पर माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि जैसी प्रस्तुति दी गई और आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी गई। इसके अलावा, अन्य पोस्ट और एक वीडियो के जरिए भी प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप है।

बीजेपी की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

पोस्ट वायरल होने के बाद बीजेपी नेताओं ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। बीजेपी अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य राजेश जैन ने एसपी सैयद इमरान मसूद को मामले की जानकारी दी।

एसपी के निर्देश पर कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेलन बाजार स्थित जुनैद के घर से उसे गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र, अपमानजनक और आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के बयान पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पोस्ट के मूल क्रिएटर की भी तलाश

पुलिस जांच को सोशल मीडिया पोस्ट के मूल स्रोत तक ले जाने की बात कही गई है। तकनीकी और साइबर सेल की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आपत्तिजनक सामग्री सबसे पहले किसने तैयार की थी और किस डिवाइस या इंटरनेट कनेक्शन से इसे अपलोड किया गया।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पोस्ट को आगे किन ग्रुप और लोगों तक पहुंचाया गया। मामले में गिरफ्तार राजद नेता से पूछताछ के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

कोशी लाइव की रिपोर्ट