सहरसा में बंद घर में युवक की गोली मारकर हत्या, तीन दिन बाद दुर्गंध से खुला राज
सहरसा: सदर थाना क्षेत्र के गौतम नगर गंगजला में बंद घर से 24 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुपौल जिले के बरुआरी निवासी स्वर्गीय हर्षवर्धन सिंह के पुत्र अभिजीत सिंह राजपूत उर्फ राजा के रूप में हुई है। वह गौतम नगर स्थित अपने मकान में अकेले रहता था।
जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर की रात अभिजीत जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद घर लौटा था। रात करीब दो बजे कुछ दोस्त उसके लिए खाना लेकर घर पहुंचे थे। बताया गया कि अभिजीत ने ऊपर से हाथ बढ़ाकर खाना लिया और दोस्तों से बाहर से ताला लगाने को कहा। इसके बाद 17 सितंबर को दिनभर उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
18 सितंबर को एक करीबी मित्र को अनहोनी की आशंका हुई। लोगों ने घर पहुंचकर खिड़की के रोशनदान से अंदर देखा तो अभिजीत बिस्तर पर मृत पड़ा था। सूचना पर सदर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुख्य ग्रिल का ताला तुड़वाकर घर के अंदर प्रवेश किया।
कनपटी में मारी गई गोली
सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक की कनपटी में गोली मारी गई थी, जो आंख के पास से निकल गई। पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद उसके मुंह पर तकिया रखा गया था। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पीछे का दरवाजा खुला, बाउंड्री के पास मिली कुर्सी
जांच के दौरान घर का पीछे का दरवाजा खुला मिला। बाउंड्री के पास एक कुर्सी भी मिली है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या हत्या के बाद कोई व्यक्ति पीछे के रास्ते से बाहर निकला था। मुख्य ग्रिल पर बाहर से ताला लगाए जाने और बाउंड्री के ग्रिल की स्थिति की भी जांच की जा रही है।
स्कॉर्पियो खरीदने के लिए रखे रुपये की भी जांच
पुलिस आर्थिक लेन-देन के एंगल से भी जांच कर रही है। परिचितों के अनुसार अभिजीत ने विश्वकर्मा पूजा के दिन डिलीवरी के लिए स्कॉर्पियो बुक कराई थी और डाउन पेमेंट के लिए उसके पास बड़ी रकम होने की जानकारी कुछ लोगों को थी। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस जन्मदिन की पार्टी में शामिल दोस्तों से पूछताछ कर रही है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन भी खंगाली जा रही है। आपसी विवाद, रंजिश, आर्थिक लेन-देन और संभावित लूट समेत विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
मौके पर सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान, सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह समेत पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
कोशी लाइव की रिपोर्ट