Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में सांप के डसने से 7 साल की बच्ची की मौत: रसोईघर में सामान लेने गई थी दिव्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, September 18, 2026

मधेपुरा में सांप के डसने से 7 साल की बच्ची की मौत: रसोईघर में सामान लेने गई थी दिव्या

मधेपुरा में सांप के डसने से 7 साल की बच्ची की मौत: रसोईघर में सामान लेने गई थी दिव्या, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

मधेपुरा: बिहारीगंज प्रखंड के मोहनपुर पंचायत अंतर्गत रहटा गांव में शुक्रवार सुबह सांप के डसने से 7 वर्षीय बच्ची दिव्या कुमारी की मौत हो गई। दिव्या मोहनपुर पंचायत के वार्ड नंबर-7 निवासी संजीव कुमार की बेटी थी।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह दिव्या अपने फूस के रसोईघर में कुछ सामान लेने गई थी। इसी दौरान उसके पैर में सांप ने डस लिया। बच्ची तुरंत अपनी मां के पास पहुंची और सांप के काटने की जानकारी दी।

परिजन उसे आनन-फानन में बिहारीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बिहारीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया।

छह बहनों में दूसरे नंबर पर थी दिव्या

दिव्या छह बहनों में दूसरे नंबर पर थी। परिवार में उसका कोई भाई नहीं था। उसके पिता संजीव कुमार दूसरे राज्य में मजदूरी करते हैं। बच्ची की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है।

अंचलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सरकारी नियमों के अनुसार परिवार को सहायता या मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी।

कोशी लाइव की रिपोर्ट