घैलाढ़ की जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर डीएम को आवेदन, जल्द निरीक्षण का मिला आश्वासन
मधेपुरा से पप्पू मेहता की रिपोर्ट
घैलाढ़। प्रखंड मुख्यालय से श्रीनगर, ध्रुवपट्टी, घोपा एवं भतरंधा जाने वाली जर्जर सड़क के चौड़ीकरण, पुनर्निर्माण/मरम्मत तथा जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर छात्र नेता सह युवा समाजसेवी आनंद शंकर ने मधेपुरा जिलाधिकारी अभिषेक रंजन को आवेदन सौंपा।
आवेदन के माध्यम से उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति और जलजमाव की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग से जल्द सड़क का स्थल निरीक्षण कराया जाएगा तथा सड़क की मरम्मत/पुनर्निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आनंद शंकर ने बताया कि घैलाढ़ प्रखंड मुख्यालय से श्रीनगर, ध्रुवपट्टी, घोपा एवं भतरंधा जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। बारिश होने के बाद सड़क पर जलजमाव की समस्या और गंभीर हो जाती है। इससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी होती है, जिससे कई बार गंभीर मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाने की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
आनंद शंकर ने जिलाधिकारी से संबंधित विभाग द्वारा तत्काल स्थल निरीक्षण कर सड़क की शीघ्र मरम्मत या पुनर्निर्माण कराने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की समय-सीमा सार्वजनिक रूप से निर्धारित करने की मांग भी रखी।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के हित और अधिकार के लिए चरणबद्ध तरीके से लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
आनंद शंकर ने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी जनहित को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का जल्द और प्रभावी समाधान कराएंगे।