ऑटो में महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी, 3 महिलाएं गिरफ्तार; सोने का लॉकेट और 5,500 रुपये बरामद
मधुबनी में नगर थाना पुलिस ने ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी करने वाली तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान समस्तीपुर जिले की शकुंतला देवी, नेहा देवी और बिहुला देवी के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से चोरी गया सोने का लॉकेट और 5,500 रुपये बरामद किए हैं।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार के अनुसार, तीनों महिलाएं अलग-अलग समय पर ऑटो में सवार होकर सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाती थीं। महंथी लाल चौक निवासी कांति देवी के ऑटो से सफर करने के दौरान आरोपितों ने उनके गले से सोने का लॉकेट चोरी कर लिया था।
वहीं, गांधी चौक निवासी सरिता देवी का ऑटो में सफर करने के दौरान पर्स चोरी हो गया था। पर्स में 5,500 रुपये रखे हुए थे।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीनों महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर चोरी का लॉकेट और रुपये बरामद किए गए।
पुलिस अब तीनों आरोपितों से पूछताछ कर ऑटो में चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।