Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:बहियार में बिजली तार चोरी से किसान परेशान: कई वार्डों में कृषि कार्य के लिए बिजली आपूर्ति बाधित, जेई पर फोन नहीं उठाने का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 6, 2026

MADHEPURA:बहियार में बिजली तार चोरी से किसान परेशान: कई वार्डों में कृषि कार्य के लिए बिजली आपूर्ति बाधित, जेई पर फोन नहीं उठाने का आरोप

कमलपुर बहियार में बिजली तार चोरी से किसान परेशान: कई वार्डों में कृषि कार्य के लिए बिजली आपूर्ति बाधित, जेई पर फोन नहीं उठाने का आरोप

कोशी लाइव/घैलाढ़ से पप्पू मेहता की रिपोर्ट

घैलाढ़: प्रखंड के कमलपुर गांव के वार्ड संख्या 3, 4, 5, 6 और 7 के बहियार में कृषि कार्य के लिए लगाए गए बिजली तारों की चोरी का सिलसिला लगातार जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि अज्ञात चोर बिजली के तार काटकर ले जा रहे हैं, लेकिन बिजली विभाग की ओर से मामले को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।

ग्रामीणों ने इसकी जानकारी बिजली विभाग के एसडीओ को दी है। ग्रामीण युवा एवं समाजसेवी विशेश्वर मेहता, पूर्व वार्ड सदस्य अनिल मेहता, खलीफा रामप्रवेश मेहता, शिवन मंडल, अरविंद कुमार, अखिलेश मंडल समेत दर्जनों किसानों ने बताया कि शुक्रवार की रात कमलपुर बहियार में बिजली के तार काटकर चोरी कर लिए गए।

जिस स्थान से तार चोरी हुआ है, वहां जिला प्रशासन ने डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए करीब पांच एकड़ जमीन चिन्हित की है। ग्रामीणों के मुताबिक, इससे पहले सहजनाथपुर गांव से पूरब स्थित बहियार में भी बिजली के तार और ट्रांसफार्मर की चोरी हो चुकी है।

कृषि कार्य प्रभावित, किसान परेशान

बिजली के तार चोरी होने से कृषि कार्य के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित है। किसानों का कहना है कि बिजली नहीं रहने के कारण सिंचाई समेत अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने घैलाढ़ के जेई को कई बार मोबाइल पर फोन कर मामले की जानकारी देने की कोशिश की, लेकिन जेई ने फोन नहीं उठाया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताई है।

आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग जल्द से जल्द नए तार लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करे। यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए लापरवाही बरतने वाले संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई करने और जल्द विद्युत सुविधा बहाल कराने की मांग की है।

वहीं, बिजली विभाग के एसडीओ ने भी स्वीकार किया कि जेई फोन नहीं उठा रहे हैं। अब देखना होगा कि विभाग चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और किसानों की बिजली समस्या दूर करने के लिए क्या कार्रवाई करता है।