Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:पहले बेटे की हत्या, फिर शव देखते ही मां ने तोड़ा दम: सहरसा में एक घर से उठीं दो अर्थियां; 24 घंटे में 3 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 6, 2026

SAHARSA:पहले बेटे की हत्या, फिर शव देखते ही मां ने तोड़ा दम: सहरसा में एक घर से उठीं दो अर्थियां; 24 घंटे में 3 गिरफ्तार

राशन वितरण के विवाद में 45 वर्षीय अर्जुन सादा की मौत, शव देखकर 80 वर्षीय मां ने भी तोड़ा दम: ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगाने को लेकर हुआ था विवाद

सहरसा: सलखुआ प्रखंड के चिड़ैया थाना क्षेत्र के चानन पंचायत स्थित सहुरिया के हनुमान टोला में राशन वितरण के दौरान हुए विवाद ने दो जिंदगियां छीन लीं। ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान 45 वर्षीय अर्जुन सादा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

रविवार को पोस्टमार्टम के बाद अर्जुन सादा का शव एंबुलेंस से घर पहुंचा। बेटे का शव देखते ही उनकी 80 वर्षीय मां पविया देवी की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, वह अचेत होकर गिर पड़ीं। जब तक परिवार के लोग उन्हें संभालते, उनकी मौत हो चुकी थी।

ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगाने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को गांव में राशन वितरण के दौरान ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान अर्जुन सादा गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई।

एक साथ हुआ मां-बेटे का अंतिम संस्कार

रविवार को अर्जुन का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा। परिजनों ने बताया कि शव देखने के बाद उनकी मां पविया देवी सदमे में अचेत होकर गिर गईं और उनकी भी मौत हो गई।

मां-बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया। दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। अर्जुन सादा अपने पीछे चार बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं।

छह महिलाओं समेत 20 लोगों पर FIR

मामले में अर्जुन सादा के भाई अरविंद सादा के आवेदन पर चिड़ैया थाने में छह महिलाओं समेत कुल 20 नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी।

24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर एसडीपीओ निशीकांत भारती के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार, सूरज कुमार और शंकर कुमार के रूप में हुई है। तीनों कोकराहां टोल सहुरिया के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।