Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा में चोरों का आतंक: रिटायर फौजी के सूने घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, मोहल्लेवासियों में दहशत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 23, 2026

MADHEPURA:मधेपुरा में चोरों का आतंक: रिटायर फौजी के सूने घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, मोहल्लेवासियों में दहशत

मधेपुरा में चोरों का आतंक: रिटायर फौजी के सूने घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, मोहल्लेवासियों में दहशत

मधेपुरा से पप्पू मेहता की रिपोर्ट

मधेपुरा मुख्यालय के आजादनगर वार्ड नंबर 9 में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। मंगलवार की देर रात चोरों ने रिटायर फौजी कुलानन्द यादव के सूने घर को निशाना बनाया। घर का ताला तोड़कर चोरों ने बक्सा सहित कई सामान खंगाल दिए। घर से लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, चोरी गए सामान और नकदी की वास्तविक जानकारी फौजी दंपति के पटना से लौटने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

बताया गया कि कुलानन्द यादव अपनी बीमार पत्नी का इलाज कराने के लिए पटना गए हुए हैं। इसी दौरान मंगलवार की रात उनके घर में चोरी हो गई। घटना की जानकारी उस समय मिली, जब बगल में रहने वाले उनके एक रिश्तेदार ने फोन कर बताया कि घर का मुख्य ताला खुला हुआ है और अंदर के कई कमरों के ताले टूटे हुए हैं। कमरे में बक्सा और अन्य सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है।

कुलानन्द यादव ने दूरभाष पर बताया कि घटना की जानकारी तत्काल सदर थानाध्यक्ष को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पटना से लौटने के बाद चोरी के संबंध में थाने में लिखित आवेदन दिया जाएगा।

इधर, सूचना मिलने के बाद सदर थाना के एसआई मोहम्मद नदीम अख्तर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने घर का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है।

लगातार चोरी की घटनाओं से लोगों में आक्रोश

मोहल्लेवासियों का कहना है कि आजादनगर वार्ड नंबर 9 में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। लोगों के मुताबिक, सोमवार की रात भी राजीव किराना स्टोर का ताला काटकर चोर करीब 50 हजार रुपये मूल्य के सामान और नकदी ले गए थे।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मोहल्ले के एक घर के आसपास नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। देर रात तक संदिग्ध लोगों की आवाजाही से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना रहता है।

मोहल्लेवासियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चोरी की वास्तविक संपत्ति का पता रिटायर फौजी के लौटने तथा लिखित आवेदन देने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।