Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:सड़क हादसे में घायल शिक्षक सुधांशु कुमार की पटना में मौत, इलाके में शोक की लहर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 23, 2026

SAHARSA:सड़क हादसे में घायल शिक्षक सुधांशु कुमार की पटना में मौत, इलाके में शोक की लहर

सहरसा में सड़क हादसे में घायल शिक्षक सुधांशु कुमार की पटना में मौत, इलाके में शोक की लहर

सोनवर्षा राज। प्रखंड क्षेत्र के नव प्राथमिक विद्यालय रखौता दक्षिण के निवर्तमान एवं प्राथमिक विद्यालय सपटियाही के वर्तमान शिक्षक सुधांशु कुमार का मंगलवार को पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही शिक्षकों, परिजनों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया गया कि रविवार को सहरसा में हुए सड़क हादसे में सुधांशु कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हादसे की खबर के बाद परिवार में मचा कोहराम

सुधांशु कुमार के निधन की सूचना मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, शिक्षक की असामयिक मौत की खबर से उनके सहकर्मियों और परिचितों में भी गहरा दुख है।

सुधांशु कुमार शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े होने के कारण अपने सहकर्मियों और विद्यार्थियों के बीच भी परिचित थे। उनके निधन को शिक्षकों ने शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

शिक्षकों ने जताया शोक

शिक्षक सुधांशु कुमार के निधन पर बीईओ दानिश राजा, रविंद्र कुमार, चंदन कुमार, सुभाषचंद्र सिंह, सुमन कुमार सिंह, अर्जुन कुमार अंजन, रौशन कुमार, अमित कुमार, पंकज कुमार, मुकेश कुमार राम, अरविंद कुमार, मो. तनवीर, सुभाष यादव, पंचम कुमार सिंह, अमरजीत कुमार अमर, विवेक कुमार और अमरनाथ झा समेत दर्जनों शिक्षकों ने शोक व्यक्त किया।

शिक्षकों ने दिवंगत शिक्षक के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

सुधांशु कुमार के निधन से सोनवर्षा राज प्रखंड क्षेत्र में शोक का माहौल है।