Jamui Girl Case LIVE: बिहार में जमुई शहर के नजदीक मड़वा पहाड़ी इलाके में अपने सहपाठी संग घूमने निकली नाबालिग छात्रा के साथ दरिंदगी और शर्मनाक और बेहद ही अश्लील हरकत का मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसका साथी हरेराम यादव शराब की तस्करी और अवैध बालू खनन के धंधे में शामिल रहे हैं। इस कांड में पकड़े गए आरोपियों की कुंडली खंगाल रही पुलिस अब हर एक पहलुओं को देख रही है। पता चला है कि दोनों आरोपी टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर निवासी हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, छात्र-छात्रा से दरिंदगी के दौरान दोनों शराब के नशे में थे। पुलिस ने मंगलवार को उनके ही गांव (प्रतापपुर) के समीप मुठभेड़ के बाद दोनों को धर दबोचा।
नंदन के पैर में गोली लगी है, जबकि हरेराम का पैर फ्रैक्चर है। दोनों अस्पताल में हैं। आरक्षी अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने दोनों आरोपियों के शराब और अवैध बालू के धंधे में शामिल होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दोनों का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि कुंदर जाने वाले रास्ते से शराब का कारोबार चलता है। इसके अलावा प्रतापपुर घाट से इन दोनों का अवैध बालू का कारोबार चल रहा था। दोनों आरोपी ने शराब और अवैध बालू के कारोबार से इन दिनों अच्छा-खासा रुपया कमाया था।
Jamui Girl Case LIVE Update-:
12. PM- Jamui Girl Case LIVE: बिहार के जमुई जिले में नाबालिग लड़के और लड़की से बदसलूकी की घटना को लेकर विपक्षी दलों के नेताओं ने मंगलवार को सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर निशाना साधा और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। केरल के वायनाड में मौजूद प्रियंका ने कहा था कि यह बेहद भयावह है। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। अगर हमारी बेटियां सड़कों पर सुरक्षित नहीं हैं तो बड़ी-बड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों का क्या मतलब है? इससे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी घटना को बेहद विचलित करने वाला बताते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की थी।
12.14 PM- Jamui Girl Case LIVE: अपराध मुक्त बिहार बनाने का दावा विफल : प्रशांत
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने जमुई में छात्रा के साथ हुई घटना को भयावह बताया है। कहा कि राज्य में आये दिन ऐसी घटना देखने-सुनने को मिलती है। यह दिखाता है कि सरकार का बिहार को अपराध मुक्त बनाने का दावा बिल्कुल विफल है। प्रशांत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा तो ठीक है पर इसे धरातल पर सख्ती से लागू भी कराना होगा। कहा कि जनता को यह समझने की जरूरत है कि जाति के नाम पर वोट देगे तो न शिक्षा अच्छी होगी, न अपराध रुकेगा।
11.50 AM- Jamui Girl Case LIVE: मुख्यमंत्री जुबान पर कायम हैं तो इस्तीफा दें : तेजस्वी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने कहा है कि जमुई की घटना से बिहार शर्मसार हुआ है। आरोप लगाया कि राज्य में महिलाएं - बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। घटना के दोषियों को स्पीडी ट्रायल चला फांसी की सजा मिलनी चाहिए। एक पोलो रोड स्थित आवास पर मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दावा किया था कि महिलाओं के साथ गलत घटना होती है तो सुबह होते ही इस्तीफा दे दूंगा। अगर सीएम अपनी जुबान पर कायम हैं, तो इस्तीफा दें, नहीं तो उन्हें पद पर बने रहने का हक नहीं है।
उमेश कुशवाहा, श्रेयसी सिंह सहित सत्ता पक्ष के अन्य नेताओं पर मामले की लीपापोती करने वाला बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हें माफी मांगनी चाहिए। तेजस्वी ने सासाराम में अमरजीत यादव की मौत पुलिस कस्टडी में होने का आरोप लगाया। मामले में मंडल कारा अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई, पीड़ित परिवार को मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी की मांग की। पुलिस कस्टडी में हुई 19 मौत की न्यायिक जांच हो। प्रेसवार्ता में अमरजीत के चाचा छोटन ने आरोप लगाया कि सूई देने से अमरजीत की तबीयत बिगड़ी थी। प्रेसवार्ता में डॉ कांति सिंह, जयप्रकाश यादव आदि थे
11.39 AM- Jamui Girl Case LIVE: तेजस्वी जी अपने भाइयों को सचेत कर दीजिए : मांझी
जमुई में छात्रा से दुर्व्यवहार मामले में पुलिस की कार्रवाई पर हम (से) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने कहा कि हम बोलते नहीं, करके दिखलाते हैं। सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने कहा कि तेजस्वी जी कहते रहे हैं ना कि बिहार-यूपी का हर यादव उनका भाई है। तो उन्हीं भाइयों में से कुछ भाइयों ने जमुई में लड़की छेड़ कर वीडियो बनाया था ताकि हमारी सरकार को बदनाम किया जा सके। मैं अभी भी कहूंगा कि तेजस्वी जी अपने भाइयों को सचेत कर दीजिए, नहीं तो सम्राट की सरकार किसी को बख्शने वाली नहीं है।
11.20 AM- Jamui Girl Case LIVE: बिहार के जमुई जिले में एक लड़की का कथित यौन उत्पीड़न करने के विरोध में मंगलवार को झारखंड के रांची में वामपंथी संगठनों ने प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राज्य इकाई के सचिव त्रिलोकी नाथ ने आरोप लगाया कि बिहार में महिलाओं के खिलाफ बलात्कार और यौन उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं। अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला संगठन (ऐपवा) की नेता नंदिता भट्टाचार्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ नारे के बावजूद लड़कियां चाहे सड़कों पर हों या स्कूलों और कॉलेजों में वे सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस पर रोक लगनी चाहिए। अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन के दौरान दोनों संगठनों के सदस्यों ने सरकार खिलाफ नारे लगाए।
11.00 AM- Jamui Girl Case LIVE: झाझा : घटना के विरोध में आक्रोश मार्च निकाला गया
आधी आबादी की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित हो। मातृशक्ति के सम्मान व उनकी आबरू से खिलवाड़ के प्रयास का दुस्साहस करने वालों को ऐसी कड़ी सजा दी जाए जिससे दूसरों को भी कड़ा सबक मिले। उक्त मांग के साथ जमुई में पिछले दिनों नाबालिग छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ एवं बदसलूकी की घटना के विरोध में मंगलवार को झाझा में आक्त्रोश मार्च निकाला गया। नगर परिषद की महिला वार्ड पार्षद आकांक्षा किरण के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया। हालांकि मौसम के अनायास बिगड़ जाने से मार्च में शामिल लोग नगर भ्रमण नहीं कर पाए। किंतु,आक्त्रोश के उक्त शंखनाद के माध्यम से बेटियों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग जरूर बुलंद होती दिखी। आक्त्रोश मार्च का नेतृत्व करती सुश्री किरण ने कहा कि सरकार को ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी कदम उठाने चाहिए। कहा कि वह सरकार से मांग करती है कि हमारी बेटी-बहुओं के मान-सम्मान और सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित हो। ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए प्रशासन को गंभीर होना होगा
10.30 AM- Jamui Girl Case LIVE: जमुई जिले में नाबालिग लड़की के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस नेता अरविंद कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री, जमुई के जिलाधिकारी और लखीसराय के जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में अरविंद कुमार ने कहा है कि नाबालिग के साथ हुई घटना गंभीर और चिंताजनक है। ऐसी घटनाओं से आम लोग महिलाओं और बालिकाओं में असुरक्षा की भावना पैदा होती है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।उन्होंने पांच सूत्री मांगें प्रशासन के समक्ष रखी हैं। इनमें घटना में शामिल लोगों की पहचान कर अविलंब गिरफ्तारी पीड़िता और उसके परिजनों को सुरक्षा एवं आवश्यक सहायता, स्कूल कॉलेज, बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाना शामिल है।
10.18 AM- Jamui Girl Case LIVE: शमशाद ने एसपी को दिया ज्ञापन, गश्त की मांग
राजद के जमुई विस से प्रत्याशी रहे मो शमशाद आलम ने एसपी विश्वजीत दयाल को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में जमुई में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है। कहा कि 19 सितंबर को नाबालिग छात्रा एवं उसके सहपाठी के साथ कथित दुर्व्यवहार ,मारपीट एवं छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। शहर के नीमा में नाबालिग बच्ची की हत्या, बानपुर गांव से युवक लापता, काकन क्षेत्र में टेम्पो चालक की हत्या, लछुआड़ थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में 60 वर्षीय व्यक्ति की बम मारकर हत्या कर दी गयी। उन्होंने एसपी से अनुरोध किया है कि पिछले तीन माह में गंभीर आपराधिक मामले की थानावार एवं कांड वार समीक्षा की जाए।
10.06 AM- Jamui Girl Case LIVE: छात्रा से छेड़खानी की घटना पर जताई निंदा
जमुई में घटी छात्रा से छेड़खानी की घटना की गूंज अब पूरे जिले में सुनाई दे रही है। झाझा के प्रबुद्ध और बुद्धिजीवी वर्गों के बीच यह मामला गहराते हुए गंभीर चर्चा का विषय बन गया है। घटना को लेकर स्थानीय बुद्धिजीवियों ने कड़े शब्दों में निंदा व्यक्त की है। बुद्धिजीवियों कहा कि छेड़खानी की घटना से लोगों को सबक लेने की जरूरत है कि आगे इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति ना हो सके।
09.40 AM- Jamui Girl Case LIVE: छात्र-छात्रा से बदसलूकी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
जमुई-लखीसराय मार्ग पर 19 सितंबर को दसवीं के छात्र-छात्रा के साथ हुई बदसलूकी और मारपीट के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस भवन से कचहरी चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुंचे और बिहार के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित कानून के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छेड़खानी की घटना का पुरजोर विरोध किया।
सरकार को कड़ी कार्रवाई की जाए। इसको लेकर प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, पुनीत सिंह पारिया, मनप्रीत सिंह, पवन मजीठिया, मोहम्मद ताविश, दिवाकर सिंह, सुबोध मंडल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और समाजसेवी मौजूद रहे।
09.25 AM- Jamui Girl Case LIVE: जमुई की घटना में दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने जमुई की घटना को घृणित अपराध बताया है। उन्होंने कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। सरकार ने इस मामले में तत्परता और पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई की है। पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें कठोरतम सजा का प्रावधान है। घटना में अलग-अलग स्तर पर जिन लोगों की भूमिका रही है, सभी के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। चाहे घटना को अंजाम देने वाले हों, वीडियो बनाने वाले हों या उसे वायरल करने वाले, सरकार उनपर सख्त कार्रवाई करेगी।
09.16 AM- Jamui Girl Case LIVE: जमुई की नाबालिग बच्ची के साथ घटित शर्मनाक एवं अत्यंत गंभीर घटना की जिला विधिज्ञ संघ, जमुई के अध्यक्ष सीताराम सिंह एवं महासचिव अमित कुमार ने संयुक्त रूप से कड़ी निंदा की है। अध्यक्ष एवं महासचिव ने कहा कि इस शर्मनाक घटना की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। नाबालिग बच्ची के साथ ऐसी घटना समाज की संवेदनशीलता को झकझोरने वाली है। पीडि़ता एवं उसके परिवार को न्याय दिलाना समाज और प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। नैतिक आधार पर पैरवी से दूरी अध्यक्ष सीताराम सिंह एवं महासचिव अमित कुमार ने कहा कि वे इस मामले में आरोपित अभियुक्तों की ओर से अधिवक्ता के रूप में पैरवी नहीं करेंगे।
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई एवं स्पीडी ट्रायल की मांग अध्यक्ष एवं महासचिव ने पुलिस एवं जिला प्रशासन से तत्काल एवं प्रभावी विधि-सम्मत कार्रवाई, निष्पक्ष जांच, आवश्यक साक्ष्यों के संरक्षण तथा पीडि़ता को आवश्यक सुरक्षा एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले में स्पीडी ट्रायल माध्यम से शीघ्र न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि पीडि़ता और उसके परिवार को न्याय के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा न करनी पड़े। दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि जिला विधिज्ञ संघ पीडि़ता को न्याय दिलाने के लिए विधि के दायरे में हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
09.04 AM- Jamui Girl Case LIVE: सदर अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील, रहे अलर्ट मोड पर
नाबालिक छात्रा से दरिंदगी मामले में एक आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने पैर में गोली मारकर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया और दूसरे आरोपी हरेराम यादव को खदेड़कर पकड़ा। दोनों घायल आरोपियों को इलाज के लिए पुलिस सदर अस्पताल लाई। जैसे ही इसकी जानकारी शहरवासियों को हुई, सदर अस्पताल में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने दर्जनों पुलिसकर्मियों को सदर अस्पताल के बाहर तैनात कर दिया। ताकि किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो सके। साथ ही आस-पास के थाना को भी अलर्ट मोड पर रखा गया था ताकि भीड़ उग्र न होने पाए। पूरा सदर अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील रहा।
08.40 AM- Jamui Girl Case LIVE: सदर अस्पताल में अधिकारियों का लगा रहा जमावड़ा
एनकाउंटर होने के बाद आरोपी नंदन यादव को सबसे पहले इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। उसके लगभग आधे घंटे के बाद दूसरे आरोपी हरेराम यादव को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। आरोपियों के सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही एसडीएम सदर सौरभ कुमार अस्पताल में पहुंच चुके थे। जैसे ही आरोपी नंदन यादव को सदर अस्पताल लाया गया वैसे ही सदर अस्पताल में डीएम भी पहुंचे। डीएम श्री नवीन वाहन से उतरकर सीधे इमरजेंसी कक्ष में पहुंचे। उनके बाद जमुई एसडीपीओ ने इमरजेंसी कक्ष में प्रवेश किया। साथ ही झाझा एसडीपीओ एवं जमुई बीडीओ व अन्य अधिकारी थे।
08.30 AM- Jamui Girl Case LIVE: बालू और शराब के धंधे से था दोनों आरोपियों का जुड़ाव, जुटाई जा रही जानकारी
नाबालिग छात्रा से बदसलूकी मामले में मंगलवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो फरार आरोपियों हरेराम और नंदन यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर के निवासी हैं। एसपी विश्वजीत दयाल ने मंगलवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि दोनों आरोपी अवैध शराब और बालू के धंधे में शामिल है। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि कुन्दर जाने वाले रास्ते से शराब का अवैध धंधा जोर-शोर से चलता है और प्रतापपुर घाट से दोनों आरोपी बालू के अवैध कारोबार में भी लिप्त थे। दोनों आरोपियों ने शराब और बालू के अवैध कारोबार से अच्छी कमाई की है। घटना वाले दिन भी वे शराब के नशे में थे। ग्रामीणों के अनुसार हरेराम और नंदन यादव मनबढ़ प्रवृत्ति के हैं और आए दिन लोगों से मारपीट किया करते हैं।
08.30 AM- Jamui Girl Case LIVE: जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग से सटा मड़वा पहाड़ का इलाका इस सनसनीखेज वारदात के बाद एक बार फिर सुर्खियों में है। स्थानीय लोगों के अनुसार सन्नाटा और पुलिस की लचर सुरक्षा व्यवस्था ही इस घटना का कारण बनी। सोनाय-मड़वा और कुंदर को जोड़ने वाली इस लिंक रोड पर दिन में भी आवाजाही कम रहती है। जमुई सदर थाने से मात्र 5 किलोमीटर की दूरी होने के बावजूद यहां पुलिस गश्त नदारद रहती है। इस स्थान पर बालू और शराब तस्करों का मनीअड्डा से मंझवे तक 24 घंटे दबदबा रहता है। शाम ढलते ही पहाड़ बदमाशों की शरणगाह बन जाता है। इस अवैध धंधे और अकूत कमाई ने असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद कर दिए हैं कि दिनदहाड़े स्कूली छात्राओं से छेड़खानी जैसी घटनाएं भी आए दिन होती रहती हैं।
08.18 AM- Jamui Girl Case LIVE: टाउन थाना प्रभारी पर कार्रवाई करने की लोगों ने उठाई मांग
छात्रा से बदसलूकी मामले को लेकर टाउन थाना प्रभारी पर कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण शहर के लोगों में नाराजगी दिखी। लोगों का कहना था कि आए दिन टाउन थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन टाउन थाना प्रभारी इस बात से अनजान हैं। अगर टाउन थाना की पुलिस मड़वा पहाड़ क्षेत्र में गश्ती करती तो आज इस तरह की घटना सामने नहीं आती। लोगों ने यह भी कहा कि शहर के नीमारंग मोहल्ला में भी आठ साल की बच्ची हत्या मामले में टाउन थाना प्रभारी काफी सुस्त नजर आये थे।
घटना के नौ दिन के बाद आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी। शहरवासियों का कहना था कि अगर छात्रा से बदसलूकी मामले में चर्चित नहीं होता तो अभी तक टाउन थाना प्रभारी आरोपी को गिरफ्तार भी नहीं कर पाते। लोगों का कहना था कि इस मामले में कुछ कड़े फैसले लेने होंगे ताकि इस घटना की पुनरावृति ना हो सके।
08.10 AM- Jamui Girl Case LIVE: पहले हरेराम पकड़ाया फिर नंदन यादव
प्रतापपुर गांव के निवासी नंदन (20 साल) और हरेराम (21 साल) ट्रैक्टर के चालक हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों बालू के अवैध खनन और शराब की तस्करी से भी जुड़े रहे हैं। पुलिस दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाला रही है। एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि छात्रा से अभद्रता के मुख्य आरोपी नंदन और हरेराम के प्रतापपुर गांव के बाहर नदी के समीप छिपे होने की सूचना पर एसआईटी ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर हरेराम भागने लगा और गिर गया। उसका दायां पैर फ्रैक्चर हो गया। उसी से पूछताछ में मुख्य आरोपी नंदन यादव के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पूरे इलाके की सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस को देखते ही नंदन ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
08.00 AM- Jamui Girl Case LIVE: बचकर भागने में हरेराम का पैर टूटा
जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ सरेराह दरिंदगी और शर्मनाक हरकत के मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसके साथी हरेराम यादव को पुलिस ने मंगलवार की सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। प्रतापपुर गांव के समीप मुठभेड़ के दौरान नंदन के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस से बचकर भागने के दौरान उसके साथी हरेराम का पैर टूट गया। 19 सितंबर की शाम जमुई शहर थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ी इलाके में घूमने निकले नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ दरिंदगी मामले में पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन नाबालिग हैं।
07.50 AM- Jamui Girl Case LIVE: वीडियो वायरल करने वाला भी गिरफ्तार
लफंगों के झुंड द्वारा छात्रा के साथ शर्मनाक हरकत का वीडियो वायरल करने वाले मड़वा निवासी रामाशीष चौधरी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि नाबालिग की पहचान उजागर करना कानूनन अपराध है। इसी आधार पर साइबर थाना में अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया के विभिन्न प्रोफाइलों और प्लेटफार्मों से डिलीट कराया जा रहा है। सहरसा की एक युवती पर भी केस दर्ज करने की सूचना है।