नशे में धुत सरपंच गिरफ्तार, शराब पीने की पुष्टि: सिंहेश्वर की कमरगामा पंचायत में डायल 112 ने पकड़ा; शराबबंदी कानून के तहत होगी कार्रवाई
मधेपुरा/सिंहेश्वर। मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर प्रखंड की कमरगामा पंचायत के सरपंच योगानंद भारती को देर रात नशे की हालत में पाए जाने पर डायल 112 की टीम ने गिरफ्तार किया। जांच के दौरान उनके शराब पीने की पुष्टि होने के बाद स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सरपंच योगानंद भारती नशे की हालत में पाए गए थे। जांच के दौरान उनके शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया।
एएसआई के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
थाना अध्यक्ष बिनोद कुमार सिंह ने बताया कि सरपंच के नशे में होने की सूचना सही पाई गई है। उनके खिलाफ बिहार में लागू शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की यह कार्रवाई एएसआई रोशन कुमार के नेतृत्व में डायल 112 की टीम के सहयोग से की गई।
पंचायत को नशामुक्त बनाने की ली गई थी शपथ
इस घटना के बाद कमरगामा पंचायत में नशामुक्ति अभियान को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। कुछ समय पहले पंचायत के लोगों ने दुर्गा मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की थी। बैठक में पंचायत को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया था।
बैठक में नशे का कारोबार करने वालों और शराब का सेवन करने वालों पर आर्थिक दंड लगाने की बात भी कही गई थी। ऐसे में पंचायत के सरपंच के ही शराब के नशे में पकड़े जाने की घटना चर्चा का विषय बन गई है।
सरपंच की गिरफ्तारी से उठे सवाल
सरपंच ग्राम कचहरी के न्यायिक कार्यों से जुड़े पद पर होते हैं। ऐसे में उनके शराब के नशे में पकड़े जाने की घटना से पंचायत की व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
अब देखना होगा कि शराबबंदी कानून के तहत पुलिस कार्रवाई के अलावा सरपंच के खिलाफ प्रशासनिक या पंचायत स्तर पर क्या कार्रवाई होती है।
फिलहाल पुलिस ने मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।