Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:क्विज और वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता छात्र सम्मानित, एच.एस. कॉलेज उदाकिशुनगंज ने बढ़ाया मान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 23, 2026

MADHEPURA:क्विज और वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता छात्र सम्मानित, एच.एस. कॉलेज उदाकिशुनगंज ने बढ़ाया मान

क्विज और वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता छात्र सम्मानित, एच.एस. कॉलेज उदाकिशुनगंज ने बढ़ाया मान

मधेपुरा। एच.एस. कॉलेज, उदाकिशुनगंज में क्विज एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) जवाहर पासवान ने सम्मानित किया। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न और मेडल प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।

महाविद्यालय के क्रीड़ा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के शैक्षणिक परिसर में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में एच.एस. कॉलेज, उदाकिशुनगंज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के फाइनल में कॉलेज ने एमएलटी कॉलेज सहरसा, बीएसएस कॉलेज सुपौल, पार्वती साइंस कॉलेज मधेपुरा, टीपी कॉलेज मधेपुरा और आरएम कॉलेज सहरसा सहित अन्य कॉलेजों को पीछे छोड़ा।

क्विज प्रतियोगिता में कॉलेज की ओर से छोटू कुमार, गौरव कुमार और दीपक कुमार ने हिस्सा लिया। तीनों पंचम सेमेस्टर के इतिहास विषय के छात्र हैं।

प्रतियोगिता में लिखित परीक्षा के साथ सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे गए। इसमें इतिहास, भूगोल, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र, भौतिकी, रसायनशास्त्र, जीवविज्ञान और करंट अफेयर्स के प्रश्न शामिल थे। इसके अलावा ऑडियो और विजुअल राउंड भी आयोजित किया गया।

वाद-विवाद प्रतियोगिता में तीसरा स्थान

वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी एच.एस. कॉलेज, उदाकिशुनगंज ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का विषय था— “कृत्रिम बुद्धिमत्ता मानव सभ्यता की प्रगति के लिए एक निर्णायक शक्ति है।”

कॉलेज की ओर से पक्ष में उर्वशी कुमारी, षष्ठम सेमेस्टर, हिंदी और विपक्ष में श्रवण कुमार, पंचम सेमेस्टर, दर्शनशास्त्र ने अपनी बात रखी और कॉलेज को तीसरा स्थान दिलाया।

प्रधानाचार्य ने किया सम्मानित

महाविद्यालय की उपलब्धि पर प्रधानाचार्य प्रो. जवाहर पासवान ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न और मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

क्रीड़ा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि प्रतियोगिताओं की तैयारी और प्रतिभागियों के मार्गदर्शन में महाविद्यालय की ओर से लगातार सहयोग दिया गया।

इस अवसर पर प्रो. सरवर मेहंदी, चंदन, पिंटू, विकास, हिमांशु, अनीश, ललन, सोनू, ब्रजेश समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।