जमुई में छात्रा से बदसलूकी के मुख्य आरोपी को पैर में लगी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार: मामले में अब तक 6 गिरफ्तार
जमुई। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा और उसके सहपाठी के साथ हुई बदसलूकी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को आरोपी को पकड़ने के दौरान उसने भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, नंदन उसी मड़वा पहाड़ी के आसपास छिपा हुआ था, जहां 19 सितंबर की शाम दोनों छात्र-छात्रा घूमने गए थे। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। मामले में अब तक कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें तीन आरोपी वयस्क बताए जा रहे हैं, जबकि तीन नाबालिग हैं।
पुलिस को देखकर भाग रहा था मुख्य आरोपी
ADG लॉ एंड ऑर्डर सुहिता अनुपम के मुताबिक, नंदन यादव पुलिस से बचकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम के साथ उसकी मुठभेड़ हुई और उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के सामने आरोपी के हाथ जोड़ने की तस्वीर भी सामने आई है। घायल नंदन को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरे आरोपी का पैर गिरने से टूटा
पुलिस ने हरेराम नाम के एक अन्य आरोपी को भी जंगल के इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह भी गिरफ्तारी से बचने के लिए भाग रहा था। भागने के दौरान गिरने से उसके पैर में चोट आई और पैर टूट गया। उसे भी इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल करने के आरोप में रामाशीष चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की है।
19 सितंबर की शाम हुई थी घटना
घटना 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। दोनों पीड़ित छात्र-छात्रा 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं। शनिवार को ट्यूशन के बाद दोनों जमुई की मड़वा पहाड़ी घूमने गए थे। वापस लौटने के दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने छात्रा के साथ बदसलूकी की और उसके सहपाठी के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
करीब एक घंटे तक परेशान करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, दोनों छात्रों के साथ करीब एक घंटे तक अभद्रता की गई। वायरल वीडियो में एक युवक छात्रा को पीछे से पकड़ते और जबरदस्ती करते हुए दिखाई देता है। छात्रा का सहपाठी उसे बचाने के लिए आगे आया और दोनों के बीच खींचतान भी हुई।
छात्र किसी तरह अपनी दोस्त को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर वहां से निकलने की कोशिश करता है। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी दोनों को रोकने और परेशान करने का प्रयास करते रहे।
मामले में अब तक 6 गिरफ्तार
पुलिस ने वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज
जमुई की घटना को लेकर बिहार में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्षी नेताओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं, जबकि सरकार की ओर से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।
राहुल गांधी ने घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार सरकार को जवाब देना चाहिए कि शाम के समय कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है।
तेजस्वी यादव ने घटना को लेकर बिहार सरकार और केंद्र की BJP-NDA सरकार पर निशाना साधा और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार बताया।
वहीं, बिहार JDU अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि ऐसी घटनाओं को लेकर सरकार संवेदनशील है। उन्होंने बिहार में 2005 से पहले की कानून-व्यवस्था की स्थिति का भी जिक्र किया।
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तेजस्वी यादव पर राजनीतिक टिप्पणी की और कहा कि सरकार किसी आरोपी को बख्शने वाली नहीं है।
अभिनेता एवं गायक खेसारी लाल यादव ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के तहत सजा मिलनी चाहिए।