कटिहार में हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल, DSP सद्दाम हुसैन ने बेटे को बनाया बाल कृष्ण
कटिहार। जन्माष्टमी के मौके पर कटिहार में सामाजिक सौहार्द और हिंदू-मुस्लिम एकता की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। ट्रैफिक डीएसपी सद्दाम हुसैन ने अपने बेटे मोहम्मद अली को भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप यानी नटखट कान्हा की तरह सजाकर जन्माष्टमी का उत्सव मनाया।
नन्हे मोहम्मद अली ने मोर मुकुट, पीतांबर और मुरली के साथ बाल कृष्ण का रूप धारण किया। इस रूप में उसकी तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
पत्नी के साथ बेटे को लेकर सड़क पर निकले DSP
जन्माष्टमी के अवसर पर डीएसपी सद्दाम हुसैन अपनी पत्नी के साथ बेटे को गोद में लेकर सड़क पर निकले और उत्सव में शामिल हुए। परिवार के इस अंदाज ने लोगों का ध्यान खींचा।
लोग इसे हिंदू-मुस्लिम एकता और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग डीएसपी परिवार की इस पहल की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
'त्योहार खुशियां बांटने का नाम'
लोगों का कहना है कि त्योहार किसी एक धर्म तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारा और खुशियां बांटने का अवसर होते हैं। एक पुलिस अधिकारी के परिवार द्वारा धार्मिक पहचान से ऊपर उठकर दूसरे समुदाय के प्रमुख त्योहार को इस तरह मनाना समाज को सकारात्मक संदेश देता है।
कटिहार पुलिस में तैनात ट्रैफिक डीएसपी सद्दाम हुसैन के परिवार की यह तस्वीर अब सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के संदेश के तौर पर चर्चा में है।