बक्सर में गश्ती गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, SI समेत 3 पुलिसकर्मी घायल: गाड़ी में फंसे दारोगा को गैस कटर से निकाला गया; ट्रक जब्त, चालक फरार
बक्सर। नावानगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस की गश्ती गाड़ी में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एसआई संजीव कुमार सिंह समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि गश्ती वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एसआई गाड़ी के अंदर फंस गए।
घायलों में एसआई संजीव कुमार सिंह (40), सिपाही बृजबिहारी सिंह और गश्ती वाहन चालक ओमप्रकाश कुमार शामिल हैं। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गलत दिशा में आया ट्रक, गश्ती वाहन में मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, नावानगर थाना की गश्ती टीम बुधवार देर रात पचदरवा पुल के पास ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान डुमरांव की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया।
बताया जा रहा है कि ट्रक गलत दिशा में चला गया और सड़क किनारे मौजूद पुलिस की गश्ती गाड़ी को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गाड़ी में फंस गए SI, गैस कटर से निकाला गया
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस की सुमो गोल्ड गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एसआई संजीव कुमार सिंह गाड़ी के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गए।
पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद गैस कटर की मदद से वाहन का हिस्सा काटकर एसआई को बाहर निकाला गया।
CHC में प्राथमिक इलाज के बाद तीनों रेफर
हादसे के बाद तीनों घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल नावानगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
चोटों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने एसआई संजीव कुमार सिंह समेत तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिक्रमगंज स्थित करुणा अस्पताल रेफर कर दिया। तीनों का वहां इलाज जारी है।
हादसे के बाद गड्ढे में लुढ़का ट्रक, चालक फरार
हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित गड्ढे में लुढ़क गया। सूचना मिलने पर नावानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि उसका चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
थानाध्यक्ष ने की घटना की पुष्टि
नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पचदरवा पुल के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने थाना की गश्ती गाड़ी में टक्कर मार दी। दुर्घटना में एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार उनका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।