नवगछिया में 546 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार, 70 लाख की बताई कीमत: 280 टैबलेट, नशीला कफ सिरप और 3 मोबाइल बरामद
नवगछिया। नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नवगछिया पुलिस ने तेतरी गांव में छापेमारी कर 546 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये है।
नवगछिया एसडीपीओ सायम रजा ने बुधवार को कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटिहार निवासी राहुल कुमार, पिता सुभाष भारती और तेतरी निवासी नितिन कुमार, पिता अशोक चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। राहुल का ननिहाल नवगछिया के पकड़ा गांव में बताया गया है।
स्मैक के साथ कई सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 546 ग्राम स्मैक के अलावा 280 टैबलेट, चार बोतल नशीला कफ सिरप, तीन मोबाइल फोन, दो सोने की चेन और एक इलेक्ट्रिक बैग मशीन बरामद की है। इसके अलावा पुलिस ने रॉयल एनफील्ड बुलेट भी जब्त की है।
बरामद सामान की पुलिस जांच कर रही है। मोबाइल फोन और अन्य सामान की जांच से नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पूछताछ में सामने आए कई नाम
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने नशे के कारोबार से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। इनमें रितेश कुमार, सोनू कुमार और मोनू कुमार के नाम शामिल हैं। पुलिस इन लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
एसडीपीओ के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने इस कारोबार में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी भी दी है। पुलिस अब इन दावों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।
सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां तलाश रही पुलिस
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई किसके जरिए होती थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का फोकस अब केवल नशीला पदार्थ बेचने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि सप्लायर और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर है। तेतरी में हुई इस कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।