Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में NH-27 पर भीषण सड़क हादसा, मसालों से लदा ट्रक डिवाइडर तोड़कर पलटा; चालक-खलासी.. - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 23, 2026

सुपौल में NH-27 पर भीषण सड़क हादसा, मसालों से लदा ट्रक डिवाइडर तोड़कर पलटा; चालक-खलासी..

सुपौल में NH-27 पर भीषण सड़क हादसा, मसालों से लदा ट्रक डिवाइडर तोड़कर पलटा; चालक-खलासी घायल

सुपौल/सिमराही। राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार स्थित मछली मार्केट के पास बुधवार सुबह करीब 6 बजे एनएच-27 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुरादाबाद से असम जा रहा मसालों से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग और डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क के बीचोंबीच पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

नींद की झपकी बनी हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या UP 21 CN 2929 मुरादाबाद से असम की ओर जा रहा था। सिमराही मछली मार्केट के पास पहुंचते ही ट्रक चला रहे खलासी आलम को अचानक नींद की झपकी आ गई। इसके बाद वाहन से उसका नियंत्रण पूरी तरह हट गया।

अनियंत्रित ट्रक एनएच-27 के बीच लगे लोहे के डिवाइडर और रेलिंग को तोड़ते हुए सड़क पर पलट गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

शीशा तोड़कर चालक और खलासी को निकाला

ट्रक पलटने से उसका केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक मेराज तथा खलासी आलम अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए ट्रक का सामने का शीशा तोड़ा और काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला।

इसके बाद दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एक निजी क्लीनिक में ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई है।

चालक ने बताई हादसे की वजह

हादसे के बाद ट्रक चालक मेराज ने बताया कि लंबी दूरी की यात्रा के कारण वह काफी थक गया था। इसी वजह से ट्रक खलासी आलम चला रहा था। सफर के दौरान आलम को अचानक नींद आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

खलासी आलम ने भी पुलिस और स्थानीय लोगों के सामने नींद की झपकी आने की बात स्वीकार की। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय सड़क पर ज्यादा भीड़ नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

NH-27 पर लगा जाम, क्रेन से हटाया गया ट्रक

ट्रक के सड़क के बीचोंबीच पलट जाने के कारण एनएच-27 पर यातायात प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एनएचएआई और संबंधित एजेंसी को घटना की सूचना दी। इसके बाद क्रेन और हाइड्रो मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, जिसके बाद यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया गया।