Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बड़ा खुलासा! चोरी की स्कॉर्पियो के फर्जीवाड़े में DTO का प्रधान लिपिक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 15, 2026

BIHAR:बड़ा खुलासा! चोरी की स्कॉर्पियो के फर्जीवाड़े में DTO का प्रधान लिपिक गिरफ्तार

नवादा में EOU की बड़ी कार्रवाई: DTO कार्यालय के प्रधान लिपिक कन्हैया लाल गिरफ्तार, चोरी की स्कॉर्पियो के कागजात में हेराफेरी का आरोप

नवादा। आर्थिक अपराध इकाई (EOU), पटना की टीम ने नवादा जिला परिवहन कार्यालय में पदस्थापित प्रधान लिपिक कन्हैया लाल को गिरफ्तार किया है। उन पर चोरी की स्कॉर्पियो के दस्तावेजों में कथित हेराफेरी कर वाहन का रजिस्ट्रेशन दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर कराने में मदद करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद EOU की टीम आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी है।

यह मामला वर्ष 2021 में गोपालगंज DTO कार्यालय से जुड़ा बताया जा रहा है। उस समय कन्हैया लाल गोपालगंज जिला परिवहन कार्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत थे।

चोरी की स्कॉर्पियो का बदला गया था नंबर

पुलिस के अनुसार, कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के वीसी के ड्राइवर राधेश्याम सिंह की स्कॉर्पियो चोरी हो गई थी। स्कॉर्पियो का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर JH 01 CJ 7840 था, जिसे कथित तौर पर बदलकर BR 06 PD 9070 कर दिया गया था। हालांकि वाहन के इंजन और चेसिस नंबर पुराने ही थे।

पुलिस के मुताबिक, यह स्कॉर्पियो 24 दिसंबर 2019 को रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। बाद में 19 जून 2020 को गोपालगंज के सिधवलिया थाना क्षेत्र में शराब की खेप के साथ स्कॉर्पियो को पकड़ा गया था।

इसके बाद 27 दिसंबर 2021 को वाहन की नीलामी कर दी गई।

इंजन-चेसिस नंबर का मिलान किए बिना ट्रांसफर का आरोप

आरोप है कि कन्हैया लाल की कथित मिलीभगत से वाहन के इंजन और चेसिस नंबर का उचित मिलान किए बिना ही स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर कर दिया गया। मामले में दस्तावेजों में हेराफेरी और प्रक्रिया में अनियमितता की जांच की जा रही है।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद इस मामले में 20 नवंबर 2025 को आर्थिक अपराध इकाई, पटना में केस नंबर 42/25 दर्ज किया गया था। कन्हैया लाल को इसी मामले में आरोपी बनाया गया है।

दूसरे आरोपियों की भूमिका की भी जांच

कन्हैया लाल की गिरफ्तारी के बाद EOU की जांच और तेज हो गई है। टीम इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका, वाहन के फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर की प्रक्रिया में कथित मिलीभगत की जांच कर रही है।

कार्रवाई एसडीपीओ सुरेश प्रसाद के नेतृत्व में की गई। टीम में EOU के इंस्पेक्टर राघवेन्द्र नारायण, एसआई कुमार धीरेन्द्र तथा नगर थाना के एसआई सानू कुमार शामिल रहे।