Kosi Live-कोशी लाइव पटना में 27 किलो गांजा के साथ सुपौल के 3 युवक गिरफ्तार, 6 लाख की बताई जा रही कीमत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 16, 2026

पटना में 27 किलो गांजा के साथ सुपौल के 3 युवक गिरफ्तार, 6 लाख की बताई जा रही कीमत

पटना में 27 किलो गांजा के साथ सुपौल के 3 युवक गिरफ्तार, 6 लाख की बताई जा रही कीमत

पटना। फुलवारी शरीफ के गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 किलो अवैध गांजा के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये है।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से 1,450 रुपये नकद, तीन स्मार्टफोन, सोने जैसा एक लॉकेट और चांदी जैसा एक ब्रेसलेट भी बरामद किया गया है।

तीनों आरोपी सुपौल के रहने वाले

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चंदन कुमार मेहता (21), पवन कुमार (26) और अजीत कुमार मेहता (20) के रूप में हुई है। तीनों सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र के ठुथी गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

पासवान चौक के पास छापेमारी

नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी पटना के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के लिए सदर-2 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम में गोपालपुर थाना पुलिस के साथ आसूचना संकलन इकाई नगर पूर्वी के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।

पुलिस टीम को बुधवार सुबह संपतचक स्थित पासवान चौक के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने मौके पर छापेमारी की और तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 27 किलो गांजा बरामद हुआ।

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में गोपालपुर थाना कांड संख्या 464/26, दिनांक 16 सितंबर 2026 दर्ज किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजा किसी दूसरे राज्य या सीमावर्ती क्षेत्र से लाकर पटना और आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था या नहीं।

कोशी लाइव की रिपोर्ट