Kosi Live-कोशी लाइव अंतरजिला अपराधकर्मी राजकुमार अवैध पिस्टल और 4 गोलियों के साथ गिरफ्तार, मधेपुरा पुलिस की कार्रवाई - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 15, 2026

अंतरजिला अपराधकर्मी राजकुमार अवैध पिस्टल और 4 गोलियों के साथ गिरफ्तार, मधेपुरा पुलिस की कार्रवाई

अंतरजिला अपराधकर्मी राजकुमार अवैध पिस्टल और 4 गोलियों के साथ गिरफ्तार, मधेपुरा पुलिस की कार्रवाई

मधेपुरा। अपराध पर अंकुश लगाने और सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर मधेपुरा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक अंतरजिला अपराधकर्मी को अवैध हथियार और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में सघन गश्ती, वाहन चेकिंग और सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 सितंबर 2026 की शाम गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक अपराधकर्मी मोटरसाइकिल से टेंगराहा गांव की ओर से मठाही की तरफ जा रहा है। उसके पास अवैध हथियार होने और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की आशंका की सूचना पुलिस को मिली।

सूचना के आधार पर गश्ती दल सशस्त्र बल के साथ चकला नहर के पास पहुंचा और सघन वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान टेंगराहा-मठाही मार्ग से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से मठाही मुख्य सड़क की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस की चेकिंग देखकर उसने मोटरसाइकिल रोक दी और पीछे की ओर मुड़कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस को संदेह होने पर जवानों ने घेराबंदी कर उसे मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान राजकुमार (24 वर्ष), पिता राय साहेब यादव, निवासी टेंगराहा कांप वार्ड नंबर-02, थाना सौरबाजार, जिला सहरसा के रूप में हुई।

कमर में छिपाकर रखा था पिस्टल

पुलिस ने पकड़े गए युवक की तलाशी ली तो उसकी कमर के बाएं तरफ खोसा हुआ एक पिस्टल और चार जिंदा गोलियां बरामद हुईं। इसके अलावा उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल नंबर BR-19D-5829 भी जब्त की गई।

इस मामले में मधेपुरा थाना कांड संख्या 937/26, दिनांक 14 सितंबर 2026 के तहत धारा 25(1-B)A/26 शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राजकुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है तथा पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार का इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में किया गया है या नहीं।

बरामदगी

  • एक पिस्टल
  • चार जिंदा गोलियां
  • एक मोटरसाइकिल, रजिस्ट्रेशन नंबर BR-19D-5829

छापेमारी टीम

कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक लक्ष्मीनारायण महतो एवं पुलिस अवर निरीक्षक शिवानी कुमारी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

मधेपुरा पुलिस का कहना है कि अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।