Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बस में नाबालिग के पास मिली 9.1 किलो चांदी की ईंट, कागजात नहीं दिखा सका; आयकर विभाग जांच में जुटा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, September 5, 2026

BIHAR:बस में नाबालिग के पास मिली 9.1 किलो चांदी की ईंट, कागजात नहीं दिखा सका; आयकर विभाग जांच में जुटा

बस में नाबालिग के पास मिली 9.1 किलो चांदी की ईंट, कागजात नहीं दिखा सका; आयकर विभाग जांच में जुटा

भागलपुर/जगदीशपुर। बाइपास पुलिस ने शुक्रवार को वाहन चेकिंग के दौरान एक बस से नाबालिग युवक के पास से 9 किलो 100 ग्राम चांदी की ईंट बरामद की। चांदी बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की सूचना आयकर विभाग को दी। आयकर विभाग की टीम पुलिस के साथ मिलकर चांदी के स्रोत और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।

खुद को चांदी की दुकान का कर्मचारी बताया

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नाबालिग ने खुद को सोने-चांदी की दुकान का कर्मचारी बताया। उसने बताया कि वह झारखंड के साहेबगंज जिले के बरहट से चांदी लेकर उसे कटिंग कराने के लिए भागलपुर जा रहा था।

पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि नाबालिग मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला है, जबकि उसके परिजनों की दुकान झारखंड के साहेबगंज जिले में है।

चांदी से जुड़े कागजात नहीं कर सका पेश

चांदी बरामद होने के बाद पुलिस ने युवक से इसकी खरीद और स्रोत से संबंधित दस्तावेज मांगे। हालांकि, वह चांदी से जुड़े आवश्यक कागजात पुलिस के समक्ष पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी आयकर विभाग को दी।

अब पुलिस और आयकर विभाग की टीम चांदी के स्रोत, खरीद-बिक्री और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चांदी कहां से लाई गई थी और इसे भागलपुर क्यों ले जाया जा रहा था।

विधि-विरुद्ध बालक के रूप में निरुद्ध

पुलिस ने नाबालिग को विधि-विरुद्ध बालक के रूप में निरुद्ध कर लिया है। पुलिस बरामद चांदी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही चांदी के वास्तविक मालिक और इसके लेन-देन से जुड़े लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

सत्यापन के बाद होगी कार्रवाई

बाइपास थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि बरामद चांदी का सत्यापन कराया जा रहा है। चांदी से संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।