Kosi Live-कोशी लाइव नेपाल से आ रही कार में 180 किलो गांजा बरामद, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, September 5, 2026

नेपाल से आ रही कार में 180 किलो गांजा बरामद, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

नेपाल से आ रही कार में 180 किलो गांजा बरामद, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

बथनाहा (अररिया)। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी और बथनाहा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त नाका दल ने गुरुवार देर रात सोनापुर क्षेत्र में एक संदिग्ध कार से 180 किलोग्राम गांजा बरामद किया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

सीमा स्तंभ 182 के पास लगाया गया था नाका

जानकारी के अनुसार, एसएसबी 56वीं वाहिनी की एफ समवाय जोगबनी और बथनाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 182 के पास भारतीय सीमा में करीब 1.8 किलोमीटर अंदर सोनापुर क्षेत्र में विशेष नाका लगाया था। टीम आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों पर नजर रख रही थी।

इसी दौरान नेपाल की ओर से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रही कार संख्या BR 38 Q 5406 को टीम ने जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार से काली पॉलिथीन में पैक छह बड़े बंडल बरामद हुए।

जांच में गांजा होने की पुष्टि

बरामद बंडलों की मौके पर जांच किट से जांच की गई, जिसमें पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई। वजन कराने पर कुल 180 किलोग्राम गांजा मिला। इसके बाद सुरक्षा बलों ने कार को भी जब्त कर लिया।

अंधेरे में फरार हुआ तस्कर

कार की जांच के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। संयुक्त टीम ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। अब पुलिस जब्त कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और तस्करी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

वाहन मालिक और तस्करों की तलाश

जब्त कार और गांजा को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बथनाहा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर कुमार साहू ने बताया कि वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक और तस्करों की पहचान की जा रही है। मामले में शामिल लोगों की पहचान के बाद गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।