Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:फर्जी दारोगा और कमांडो बनकर वारदात की फिराक में थे 5 अपराधी गिरफ्तार, हथियार और फर्जी आईडी बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 27, 2026

BIHAR:फर्जी दारोगा और कमांडो बनकर वारदात की फिराक में थे 5 अपराधी गिरफ्तार, हथियार और फर्जी आईडी बरामद


सासाराम: रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दारोगा और बिहार पुलिस कमांडो की वर्दी पहनकर वारदात की तैयारी कर रहे पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी दारोगा आईकार्ड, पुलिस बैज लगी टोपी, दो देसी कट्टा, चार कारतूस, एक टॉय गन, पांच मोबाइल और यूपी नंबर की दो फर्जी नंबर प्लेट समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब आठ बजे सूचना मिली थी कि शिवसागर थाना क्षेत्र स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एनएच-19 पर एक सफेद रंग की कार में कुछ लोग पुलिस की वर्दी पहनकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ-1 गौरव यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई।

दारोगा और कमांडो की वर्दी में मिले आरोपी

छापेमारी के दौरान चेनारी थाना क्षेत्र के छितराटांड गांव निवासी रजनीश कुमार फर्जी दारोगा की वर्दी में मिला। वहीं कैमूर जिले के सबार थाना क्षेत्र के अमाव गांव निवासी दीवाकर कुमार सिंह उर्फ दिवाकर मौर्या बिहार पुलिस कमांडो की वर्दी पहने हुए था। इसके अलावा वीरेंद्र कुमार, इसरार आलम और प्रवीण सिंह को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।

कार से मिला हथियार और फर्जी सामान

पुलिस ने बीआर 01 पीक्यू 3765 नंबर की कार को जब्त किया। तलाशी के दौरान कार से यूपी की दो फर्जी नंबर प्लेट, बिहार पुलिस दारोगा का फर्जी आईकार्ड, कमांडो पैटर्न का तिरंगा लगा आर्मी कलर टी-शर्ट, काला फुल मंकी मास्क, पुलिस बैज लगी दो टोपियां, दो देसी कट्टा, चार कारतूस, एक टॉय गन और पांच मोबाइल बरामद किए गए।

 दो आरोपियों का पहले से है आपराधिक रिकॉर्ड

एसडीपीओ-1 गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में इसरार आलम और दीवाकर कुमार सिंह उर्फ दिवाकर मौर्या के खिलाफ पटना के शास्त्री नगर थाना में कांड संख्या 382/26 पहले से दर्ज है। पुलिस इनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे और उनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।

 पुलिस टीम होगी सम्मानित

मामले के सफल खुलासे पर एसआई राजेश कुमार ठाकुर, एसआई सतीश कुमार सिंह, एसआई चंद्रहास कुमार, एसआई सुजीत पासवान समेत शिवसागर थाना की पूरी पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई।

रिपोर्ट: कोशी लाइव