शराब तस्करों का नया तरीका फेल: एंबुलेंस में छिपाकर ले जा रहे थे 373 लीटर अंग्रेजी शराब, पुलिस को देख चालक समेत तस्कर फरार
वीरपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल किया, लेकिन उनकी योजना कामयाब नहीं हो सकी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार देर रात वीरपुर टांरी पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध एंबुलेंस की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एंबुलेंस से 373 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
सदर डीएसपी-2 कुमारी दुर्गा शक्ति ने बताया कि पुलिस को शराब की बड़ी खेप ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने टांरी पुल के पास वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान शक के आधार पर एक एंबुलेंस को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही एंबुलेंस चालक और शराब तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शराब के साथ एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है।
तीन लोगों के खिलाफ नामजद केस
थाना प्रभारी राजू रंजन कुमार ने बताया कि मामले में तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
शराब की सप्लाई चेन की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि 373 लीटर शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही, शराब तस्करी के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल क्यों और किसके कहने पर किया गया, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है।