Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में लगा मुफ्त मेगा हेल्थ कैंप, 20 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने 504 मरीजों की जांच की - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 27, 2026

मधेपुरा में लगा मुफ्त मेगा हेल्थ कैंप, 20 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने 504 मरीजों की जांच की


पप्पू मेहता की रिपोर्ट/मधेपुरा: भारतीय शल्य चिकित्सक संघ (एएसआई) बिहार चैप्टर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) मधेपुरा शाखा और लायंस क्लब मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को स्वर्गीय डॉ. अरुण कुमार मंडल की जयंती की पूर्व संध्या पर जीवन सदन, मधेपुरा में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पटना के आईजीआईएमएस, पीएमसीएच और निजी अस्पतालों से पहुंचे 16 विभागों के 20 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कुल 504 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

एएसआई बिहार चैप्टर के सचिव एवं स्वर्गीय डॉ. ए.के. मंडल के पुत्र डॉ. मनीष मंडल ने बताया कि शिविर में गैस्ट्रो सर्जरी, गैस्ट्रो मेडिसिन, न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी, नेत्र रोग, सामान्य सर्जरी, मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक, बाल रोग, स्त्री रोग, डाइटेटिक्स और ईएनटी समेत 16 विभागों के विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक भीड़ न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रो मेडिसिन और पल्मोनोलॉजी विभाग में देखने को मिली।

स्वर्गीय डॉ. अरुण कुमार मंडल के छोटे पुत्र आशीष आनंद ने बताया कि शिविर में एआई आधारित रेटिनोपैथी आई स्कैन, विटामिन-डी के लिए बोन स्कैन, ब्लड शुगर जांच और अत्याधुनिक मशीन से ईसीजी जैसी सुविधाएं मुफ्त उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि एआई आधारित ब्लड एनालिसिस मशीन और आई स्कैन मशीन भविष्य में मधेपुरा के सिविल सर्जन को दान की जाएंगी, ताकि जिले के लोगों को इन आधुनिक जांच सुविधाओं का निःशुल्क लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि पूर्व-पंजीकृत और मौके पर पंजीकरण कराने वाले सभी मरीजों की जांच कर आवश्यकता अनुसार आगे के उपचार के लिए उचित सलाह दी गई। भविष्य में स्वर्गीय डॉ. ए.के. मंडल की जयंती पर इससे भी बड़े स्तर पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजीव रॉय ने शिविर का उद्घाटन करते हुए कहा कि मधेपुरा की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार हुआ है, लेकिन इसे और मजबूत बनाने के लिए प्रशासन और सरकार के संयुक्त प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि यदि स्वास्थ्य सेवाओं में कहीं भी कमी महसूस हो तो लोग प्रशासन और सरकार को अवश्य अवगत कराएं। उन्होंने स्वर्गीय डॉ. ए.के. मंडल को अपने लिए पितातुल्य बताते हुए कहा कि उनके दोनों पुत्र समाज सेवा की उनकी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।

मुख्य अतिथि जिला जज जी.एस. मल्होत्रा ने कहा कि यह शिविर जिले के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए।

डीआईजी ए.के. पांडे ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा महसूस हो रहा है जैसे पूरा आईजीआईएमएस मधेपुरा पहुंच गया हो। उन्होंने लोगों से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

मधेपुरा के एसपी डॉ. संदीप सिंह ने कहा कि स्वयं डॉक्टर होने के कारण वह समझ सकते हैं कि 16 विभागों के 20 विशेषज्ञ डॉक्टरों को मधेपुरा लाना कितना कठिन कार्य है। उन्होंने डॉ. मनीष मंडल और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान शिविर में सेवा देने वाले सभी डॉक्टरों और तकनीकी कर्मियों को न्यायमूर्ति राजीव रॉय, जिला जज जी.एस. मल्होत्रा, डीआईजी ए.के. पांडे समेत अन्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

अंत में मनीष सराफ ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए न्यायमूर्ति राजीव रॉय, न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों, पटना से आए चिकित्सकों, लायंस क्लब, मारवाड़ी समाज और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट: पप्पू मेहता, कोशी लाइव