Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:राजद नेता के ईंट भट्ठे से 480 लीटर बियर बरामद, संचालक फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 27, 2026

BIHAR:राजद नेता के ईंट भट्ठे से 480 लीटर बियर बरामद, संचालक फरार

राजद नेता के ईंट भट्ठे से 480 लीटर बियर बरामद, संचालक फरार

नालंदा में उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक फ्लाई ऐश ईंट भट्ठे से बड़ी मात्रा में विदेशी बियर बरामद की है। शनिवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर दीपनगर थाना क्षेत्र के मेहनौर रोड स्थित ईंट भट्ठे पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान परिसर से करीब 480 लीटर अवैध बियर जब्त की गई।

उत्पाद विभाग के थानाध्यक्ष नीतीश कुमार के अनुसार, विभाग को सूचना मिली थी कि विजवनपर निवासी देवीलाल के ईंट भट्ठे पर अवैध विदेशी शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के बाद विशेष टीम गठित कर देर रात भट्ठे की घेराबंदी की गई और तलाशी ली गई।

संचालक के खिलाफ प्राथमिकी, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

उत्पाद विभाग ने ईंट भट्ठा संचालक देवीलाल को मुख्य नामजद आरोपी बनाते हुए उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। बताया गया कि छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

विभाग के अनुसार, देवीलाल खुद को युवा राजद नेता बताता है। उसके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज होने की बात कही गई है, जिनमें पुलिस पर गोलीबारी का मामला भी शामिल बताया गया है।

शराब की सप्लाई चेन खंगाल रही टीम

480 लीटर बियर बरामद होने के बाद उत्पाद विभाग अब इसके पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गया है। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में खपाने की तैयारी थी। साथ ही, इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई में उत्पाद थाना अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर पुष्पा कुमारी, एएसआई अश्वनी, प्रियंका कुमारी, सुभाष कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।